करनाल जिला के इंद्री में दाे सेक्टराें का बदलेगा मास्टर प्लान

WhatsApp Channel Join Now

30 दिन में दर्ज करा सकेंगे आपत्ति, इसके बाद नहीं मिलेगा मौका

चंडीगढ़, 10 सितंबर (हि.स.)। करनाल जिले के इंद्री में सेक्टर-6 और 7 के रिहायशी विकास की तस्वीर अब नए प्लान के आधार पर तय होगी। नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग ने इन दोनों सेक्टरों के संशोधित सेक्टोरल प्लान को फाइनल डेवलपमेंट प्लान-2031 के अनुरूप तैयार कर सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। अब सरकार ने संशोधित प्लान को सार्वजनिक करते हुए आम लोगों से आपत्तियां और सुझाव मांगे हैं।

यह बदलाव इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि सेक्टर-6 और 7 का पिछला सेक्टोरल प्लान ड्राफ्ट डेवलपमेंट प्लान-2025 के आधार पर तैयार किया गया था। अब इसे फाइनल डेवलपमेंट प्लान-2031 के अनुरूप संशोधित किया गया है। विभाग ने 16 मार्च, 2026 को तैयार किए गए संशोधित ड्राइंग नंबर डीटीपी (के)1801/2026 को सार्वजनिक किया है।

विभाग की ओर से जारी नक्शे में सेक्टर-6 और 7 को रिहायशी सेक्टर के रूप में दर्शाया गया है। इसके आसपास कृषि क्षेत्र के साथ-साथ सेक्टर-5ए का संस्थागत एवं वाणिज्यिक क्षेत्र और सेक्टर-5बी का ओपन स्पेस एवं पब्लिक यूटिलिटी क्षेत्र भी दर्शाया गया है। संशोधित सेक्टोरल प्लान आम लोगों की जानकारी के लिए नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया गया है। सरकार ने साफ किया है कि प्रस्तावित संशोधन से किसी व्यक्ति को आपत्ति है तो वह उसके कारणों के साथ लिखित आपत्ति दर्ज करा सकता है। इसके लिए सीनियर टाउन प्लानर, पंचकूला के कार्यालय, हुडा कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-6, पंचकूला में आवेदन देना होगा। नोटिस जारी होने की तारीख से 30 दिन के भीतर आपत्ति या सुझाव देना होगा। इसके बाद प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story