पानीपत: खेत में बने मकान पर अंधाधुंध फायरिंग

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: खेत में बने मकान पर अंधाधुंध फायरिंग


पानीपत, 08 जुलाई (हि.स.)। पानीपत के गांव राजाखेड़ी में खेतों में बने एक मकान को निशाना बनाकर अज्ञात हमलावरों ने बुधवार को दिनदहाड़े फायरिंग की। गनीमत यह रही कि वारदात के समय घर के अंदर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिस कारण एक बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना किला प्रभारी दीवान सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की तफ्तीश शुरू की। पुलिस की जानकारी के अनुसार, राजाखेड़ी गांव के रहने वाले संदीप शर्मा का एक मकान गांव के पास खेतों में बना हुआ है। बुधवार को किसी अज्ञात हमलावर ने उनके इस मकान पर धावा बोल दिया। आरोपी ने घर के बाहर पहुंचते ही एक के बाद एक करीब चार पांच राउंड सीधे फायर कर दिए।

बदमाशों द्वारा चलाई गई गोलियां घर की दीवारों और बाहर खडी ईको गाड़ी में जाकर लगी, जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए और दीवारों पर गोलियों के निशान बन गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों में दहशत फैल गई। वारदात के बाद पीड़ित संदीप शर्मा ने थाना किला पुलिस को मामले की लिखित शिकायत दी है। संदीप ने किसी पुरानी रंजिश या विवाद के चलते शक के आधार पर गांव के ही रहने वाले संदीप नामक एक अन्य युवक का नाम पुलिस को बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story