फतेहाबाद: लाखों सेनानियों के बलिदान के बाद मिली स्वतंत्रता:ढांडा
फतेहाबाद, 15 अगस्त (हि.स.)। लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान से हमें आजादी मिली। आजादी को बरकरार रखने के लिए सभी देशवासियों विशेषकर युवाओं को राष्ट्रीय एकता अखंडता के लिए हर समय तत्पर रहना होगा।। यह बात प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को बतौर मुख्यातिथि संबोधित करते हुए कही।।
समारोह में राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर मुख्यातिथि ने परेड की सलामी ली। इससे उन्होंने लघु सचिवालय समीप शहीदी स्मारक पर अमर वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि ढांडा ने कहा कि हमारे सामने एक बड़ी चुनौती नशे की भी है। नशा हमारी युवा शक्ति, परिवारों और समाज के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है।
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न स्कूली बच्चों ने देश भक्ति के साथ साथ हरियाणवी, पंजाबी व देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने लेजियम, पीटी, डंबल शो और योगा शो के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। परेड में प्रथम पुरस्कार पुरूष पुलिस दल, द्वितीय पुरस्कार सैनिक स्कूल खारा खेड़ी (गल्र्स) तथा तृतीय पुरस्कार स्काउट दल जीएमएसएसएसएस फतेहाबाद ने प्राप्त किया।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता सेनानियों, शहीद परिवारों व उनके आश्रितों को उनके पास जाकर सम्मानित किया। कैबिनेट मंत्री ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रतिभागिता करने वालों के लिए पांच लाख रुपये देने की भी घोषणा की। इस अवसर पर पूर्व विधायक दुड़ाराम, डीसी डॉ. विवेक भारती, एसपी निकिता खट्टर, वेद फुलां, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

