सिरसा में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस


सिरसा में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस


सिरसा, 15 अगस्त (हि.स.)। जिले में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास व धूमधाम से मनाया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम सिरसा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में हुआ, जिसमें हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इससे पूर्व उन्होंने लघु सचिवालय स्थित शहीदी स्मारक स्थल व स्वतंत्रता सेनानी स्थल पर वीर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। मंत्री श्याम सिंह राणा ने प्रदेशवासियो को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों और उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी।

मंत्री राणा ने कहा कि शहीदों की बदौलत आज हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उन शहीदों को हमें दिल से नमन करना चाहिए तथा उनकी शहादत को हमेशा याद रखना चाहिए। आज हमारा दायित्व है कि हम उनके बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि आजादी एक ऐसा शब्द है, जो प्रत्येक भारतवासी की रगों में खून बनकर दौड़ता है। आज हम पूर्ण स्वतंत्र हैं तथा पूरे विश्व में भारत की एक अलग पहचान हैं। हमारा संविधान आज पूरे विश्व में एक मिसाल है, जिसमें समस्त देशवासियों को समानता का अधिकार है। हमारा राष्ट्रीय ध्वज भी प्रेम, भाईचारे व एकता का प्रतीक है।

उन्होंने केंद्र्र सरकार और हरियाणा की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने देश का मान और सम्मान को बढ़ाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को विश्व में एक अलग पहचान दिलाई है और आज विश्व भारत की सराहना करता है। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा जिले के डबवाली, ऐलनाबाद, रानियां, कालांवाली में भी स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृति कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story