जींद : सोशल मीडिया पर फैल रही अश्लीलता के खिलाफ लामबंद हुई माजरा खाप पंचायत
जींद, 18 अप्रैल (हि.स.)। सोशल मीडिया के माध्यम से फैल रही अश्लीलता को रोकने के लिए माजरा खाप पंचायत लंबे समय से लामबंद है। बावजूद इसके आज भी सोशल मीडिया पर अश्लीलता कम होने का नाम नही ले रही है। सरकार भी अश्लीलता भरी सोशल मीडिया आईडी को बंद नही करवा रही है। जिससे अश्लीलता फैलाने वाले लोगों के हौंसलें बुलंद हैं। इसे लेकर माजरा खाप पंचायत ने हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया को पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से समाज में फैल रही अश्लीलता को लेकर मुख्यमंत्री से मिल कर इसे रोकने की बात कही गई है। माजरा खाप का कहना है कि समाज में बढ़ रही अश्लीलता समाजहित के लिए ठीक नही है।
इससे पहले माजरा खाप पंचायत जींद की बैठक प्रधान गुरविंदर सिंह संधू, महासचिव महेंद्र सिंह सहारण की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कहा कि माजरा खाप पंचायत लंबे समय से इस अश्लीलता को लेकर सरकार से इस पर रोक लगाने की मांग कर रही थी। गंद कल्चर व गन कल्चर को लेकर सोशल मीडिया पर माजरा खाप पंचायत ने जमकर आवाज बुलंद की। सरकार ने माजरा खाप की आवाज भी सुनी और सरकार ने सैकड़ों गंदे गानों को सोशल मीडिया से हटवाने का काम किया। माजरा खाप पंचायत जींद के प्रवक्ता समुद्र सिंह फोर ने कहा कि अश्लीलता को लेकर असभ्य कानूनों जैसे लीव इन रिलेशनशिप, लव मैरिज, सम लैंगिक को खत्म करवाने के लिए माजरा खाप पंचायत कुछ माह पहले महिला आयोग को मिल कर भी शिकायत कर चुका है।
अध्यक्षा रेणु भाटिया का सकारात्मक विचार भी इन मुद्दों को लेकर रहा लेकिन सरकार गंभीर नही है। हाल ही में गायक बादशाह ने जो टटीरी गाना गाया था, उसमें सरेआम लड़कियों को निशाना बना कर अश्लीलता बोली गई व दिखाई गई। इस पर भी सब से पहले माजरा खाप पंचायत ने कड़ा विरोध जताया था। जिसकी वजह से आज वो गाना डिलीट करना पड़ा। इसी प्रकार सरकार को चाहिए कि समाज में फैल रही अश्लीलता को रोकने के लिए सख्त कदम उठए। कलाकारों पर तो गंदा परोसने पर प्रतिबंध लगाएं ही साथ में सोशल मीडिया पर बहुत सी बहने पैसा कमाने के चक्कर में बिल्कुल बेशर्मी से नंगा व गंदा परोस रही हैं, उनकी आईडी डिलीट करनी चाहिए व कानून बनाया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

