हिसार में 361 पर पहुंचा एक्यूआई, सांस लेना हुआ मुश्किल, आंखों में जलन और दमा रोगियों की बढ़ी परेशानी

WhatsApp Channel Join Now
हिसार में 361 पर पहुंचा एक्यूआई, सांस लेना हुआ मुश्किल, आंखों में जलन और दमा रोगियों की बढ़ी परेशानी


तीन दिन से स्मॉग की मोटी चादर में लिपटा शहर,

लोग बोले-हवा चले या बूंदाबांदी हो तो मिले राहत

मौसम विभाग ने 13 से 15 नवंबर के बीच मौसम में

बदलाव के आसार जताए

हिसार, 11 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के बाद प्रदेश

के कई शहरों की तरह हिसार की हवा भी जहरीली होती जा रही है। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक

(एक्यूआई) 361 पर पहुंच गया है। पिछले तीन दिनों से लगातार स्मॉग की चादर छाई हुई है।

हालात ऐसे हैं कि लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी है और आंखों में जलन महसूस

हो रही है। सबसे ज्यादा मुश्किल दमा और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को हो

रही है। सुबह और शाम के समय प्रदूषण का असर और अधिक महसूस किया जा रहा है। यह लगातार

तीन दिन से बढ़ रहा है। इससे पहले 9 नवंबर को एक्यूआई स्तर 291, 10 नवंबर को 316 व

11 नवंबर को यह 361 दर्ज किया गया है।

शहरवासियों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से

मौसम में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। हवा की गति कम होने के कारण धुआं, धूल और प्रदूषण

के कण वातावरण में ही बने हुए हैं। लोगों को उम्मीद है कि यदि तेज हवाएं चलें या बूंदाबांदी

हो जाए तो स्मॉग से कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल प्रदूषण के कारण सामान्य जनजीवन भी

प्रभावित हो रहा है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार हरियाणा में 16 नवंबर

तक मौसम आमतौर पर खुश्क, लेकिन परिवर्तनशील रहने की संभावना है। 12 नवंबर को पश्चिमी

विक्षोभ का आंशिक प्रभाव रहेगा। इसके चलते 13 से 15 नवंबर के दौरान बीच-बीच में आंशिक

बादल छाने और हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने के आसार हैं। इससे स्मॉग की स्थिति

में सुधार होने की संभावना जताई गई है।

हकृवि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन

खीचड़ का कहना है कि इस दौरान हवाओं की दिशा में भी बदलाव होगा। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी

हवाओं के स्थान पर पुरवाई हवाएं चलने की संभावना है। इसके प्रभाव से रात्रि तापमान

में हल्की बढ़ोतरी, जबकि दिन के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। प्रदेश में कहीं-कहीं

अलसुबह हल्की धुंध छाने के भी आसार हैं। मौसम में इस बदलाव से लोगों को प्रदूषण और

स्मॉग से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775466 Articles

Share this story