हिसार में आयकर टीमों का छापा, खंगाल रही डॉ. कालड़ा का आवास व अस्पताल
सुबह 6 बजे अलग अलग टीमों ने अस्पतालों व आवास
पर मारे छापे
हिसार, 25 फरवरी (हि.स.)। आयकर विभाग की टीमों
ने शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक एवं सर्वेश हेल्थ सिटी के संचालक डॉ. उमेश कालड़ा के
अस्पतालों व आवास पर छापेमार कार्रवाई की है। ये टीमें आवास व अस्पताल से आवश्यक दस्तावेजों
की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की टीमें बुधवार
सुबह लगभग 6 बजे ही डॉ. उमेश कालड़ा के सेक्टर 13 स्थित आवास के अलावा अस्पतालों सर्वेश
अस्पताल व सर्वोदय अस्पताल पहुुंच गई। टीम द्वारा एक साथ तीन स्थानों पर एकाएक हुई
छापामार कार्रवाई से अस्पताल के कर्मचारी भी घबरा गए। पता चला है कि आयकर विभाग टीम
को सूचना मिली थी कि डॉ. उमेश कालड़ा कुछ ही दिनों में करोड़ों का लेन देन करने वाले
थे। इनके खातों की भी लगातार मॉनिटिरिंग चल रही थी। सूत्र बताते हैं कि डॉ. उमेश कालड़ा
सर्वोदय अस्पताल को बेचने वाले थे और इसकी हाल ही में रजिस्ट्री होने वाली थी। अस्पताल
का करीब 107 करोड़ में सौदा तय हुआ था लेकिन एनओसी नहीं मिलने के कारण सर्वोदय अस्पताल
की रजिस्ट्री में देरी हो रही थी। रजिस्ट्री में अस्पताल के एरिया को लेकर आपत्ति लगी
थी। इसके अलावा डॉ. उमेश कालड़ा ने नेशनल हाईवे पर एक प्रोजेक्ट में निवेश किया था।
इसको लेकर डॉ. उमेश कालड़ा रडार पर चल रहे थे। डॉक्टर कालड़ा के घर व अस्पतालों पर टीम
का लगातार सर्वे सुबह से जारी है। अस्पतालों व आवास के बाहर पुलिस भी तैनात है और
किसी भी अंदर बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। बताया जा रहा है कि डॉ. उमेश
कालड़ा के आवास की बजाय आयकर विभाग की गाड़ियां एक बार किसी गलत पत्ते पर भी पहुंच
गई थी लेकिन बाद में पता चलते पर उनके आवास पर पहुंची।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

