झज्जर के निजी अस्पताल में आयकर का छापा

WhatsApp Channel Join Now
झज्जर के निजी अस्पताल में आयकर का छापा


झज्जर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। शहर के सिलानी गेट क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल में बुधवार को आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। विभाग की चार सदस्यीय टीम अचानक अस्पताल परिसर में पहुंची और पूरे परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया। टीम ने पहुंचते ही अस्पताल स्टाफ के साथ-साथ वहां भर्ती मरीजों के मोबाइल फोन भी एक स्थान पर रखवा दिए, ताकि किसी प्रकार की सूचना बाहर न जा सके। कार्रवाई की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने आयकर टीम के पहचान पत्रों की जांच की।

बताया जा रहा है कि गुप्तचर और सुरक्षा से जुड़े पुलिस कर्मियों को भी रिकॉर्ड की जांच के दौरान दूरी बनाए रखने को कहा गया। आयकर विभाग की टीम ने अस्पताल में न तो किसी को अंदर आने दिया और न ही किसी को अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति दी। सूत्रों के अनुसार, छापेमारी करने वाली टीम को अगले दो दिनों तक यहीं रुककर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान अस्पताल के कंप्यूटर सिस्टम, बैंक खातों से संबंधित दस्तावेजों सहित अन्य वित्तीय रिकॉर्ड दिनभर खंगाले जाते रहे।

छापेमारी की खबर फैलते ही शहर के अन्य निजी अस्पताल संचालकों में भी दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बता दें कि यह अस्पताल झज्जर शहर के सिलानी गेट क्षेत्र में राव तुलाराम की प्रतिमा के नजदीक स्थित है और वर्तमान में जिले के शहर बहादुरगढ़ में निवास करने वाले एक चिकित्सक द्वारा संचालित किया जा रहा है। अस्पताल में आयकर विभाग की छापेमारी के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी देने से विभाग की टीम में इंकार कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज

Share this story