जींद : दनौदा कलां गांव बना मॉडल सोलर गांव

WhatsApp Channel Join Now
जींद : दनौदा कलां गांव बना मॉडल सोलर गांव


जींद, 09 सितंबर (हि.स.)। गांव दनौदा कलां को मॉडल सोलर गांव के रूप में विकसित किया गया है, जहां पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक 101 सोलर कनेक्शन स्थापित किए जा चुके हैं। दनौदा कलां में सौर ऊर्जा को अपनाने की दिशा में किया गया यह कार्य अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणादायक है। प्रशासन का प्रयास है कि जिले के अधिक से अधिक गांवों को सौर ऊर्जा से जोड़ा जाए और ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के परिवारों को बिजली के खर्च से राहत दिलाई जाए। दनौदा कलां मॉडल सोलर होने पर सरकार द्वारा विकास कार्यो के लिए अलग से प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। जिला में अब तक लगभग 3 हजार 500 सोलर कनेक्शन दिए जा चुके हैं।

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों पर सोलर कनेक्शन स्थापित करवाने में ग्राम पंचायतों और नगर निकायों के तहत सोलर कनेक्शन स्थापित करवाने पर संबंधित ग्राम पंचायत अथवा नगर निकाय को प्रति कनेक्शन एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है। इस राशि से यह अपने क्षेत्र व ग्राम का विकास कार्य करवा सकेंगे, इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय निकायों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रोत्साहित करना है।

केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा आमजन को बिजली के बढ़ते खर्च से राहत देने के उद्देश्य से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के माध्यम से पात्र परिवार अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवा कर स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन कर सकते हैं और बिजली के बिल में बड़ी बचत कर सकते हैं।

डीसी डा. वैशाली शर्मा ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत बीपीएल के पात्र लाभार्थियों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की ओर से निर्धारित नियमों के अनुसार एक लाख 10 हजार रुपये तक की सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है। इसी प्रकार आम उपभोक्ताओं को तीन किलोवाट तक 78 हजार रुपये का लाभ दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story