हिसार : हरियाणा के पहले महिला संचालित नशा मुक्ति केंद्र का शुभारंभ, फस्र्ट वुमन संस्था ने की शुरुआत
हिसार, 19 मार्च (हि.स.)। फस्र्ट वुमन सोशल वेलफेयर
सोसायटी द्वारा बालसमंद तहसील के गांव बांडाहेड़ी में हरियाणा के पहले महिला संचालित
नशा मुक्ति केंद्र का शुभारंभ हवन-यज्ञ के साथ किया गया। संस्था द्वारा समाज को नशा
मुक्त बनाने और युवाओं को मुख्यधारा से जोडऩे की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया
गया।
इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष सुमन कुमारी ने
गुरुवार काे दीप प्रज्वलित कर केंद्र का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत मंत्रोच्चारण और हवन
के साथ हुई, जिसमें संस्था के सदस्यों और गांव के गणमान्य व्यक्तियों ने आहुति डालकर
केंद्र की सफलता और समाज के कल्याण की प्रार्थना की।
संस्था अध्यक्ष सुमन कुमारी ने केंद्र की विशेषताओं
के बारे में बताया कि केंद्र में अनुभवी मनोवैज्ञानिक, परामर्शदाता और चिकित्सा विशेषज्ञों
की टीम तैनात रहेगी। यहाँ भर्ती होने वाले नशा पीडि़त व्यक्तियों के लिए रहने, खाने
और योग-ध्यान की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि यह नशा मुक्ति केंद्र
महिला सशक्तिकरण का एक उदाहरण होगा, क्योंकि यह हरियाणा का ऐसा पहला केंद्र है जिसका
पूर्ण संचालन महिलाओं द्वारा किया जा रहा है, जो संवेदनशीलता और अनुशासन का अनूठा संगम
पेश करेगा।
आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए विशेष नि:शुल्क परामर्श सत्र आयोजित
किए जाएंगे। संस्था अध्यक्ष सुमन कुमारी ने बताया कि हमारा
उद्देश्य केवल नशे की लत छुड़ाना ही नहीं, बल्कि पीड़ित व्यक्ति को मानसिक रूप से इतना
मजबूत बनाना है कि वह दोबारा इस दलदल में न फंसे। महिलाओं द्वारा संचालित होने के कारण
यहाँ आने वाले लोगों को एक पारिवारिक और सुरक्षित माहौल मिलेगा। इस मौके पर संस्था
के स्टाफ सहित समाज के कई प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे। सभी ने संस्था के इस प्रयास
की सराहना की और इसे नशे के खिलाफ लड़ाई में नशा मुक्ति केंद्र को एक मील का पत्थर
बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

