हिसार की नई सब्जी मंडी में ‘अटल किसान-श्रमिक कैंटीन’ का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
हिसार की नई सब्जी मंडी में ‘अटल किसान-श्रमिक कैंटीन’ का शुभारंभ


श्रमिकों को 10 रुपये में मिलेगा पौष्टिक भोजन

हिसार, 20 जून (हि.स.)। लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री

रणबीर गंगवा ने शहर की नई सब्जी मंडी में ‘अटल किसान-श्रमिक कैंटीन’ का उद्घाटन किया। हरियाणा

राज्य कृषि विपणन बोर्ड के तत्वावधान में तथा हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के

सहयोग से संचालित इस कैंटीन में किसानों, श्रमिकों एवं मंडी में कार्यरत मजदूरों को

मात्र 10 रुपये में पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अवसर पर मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार काे कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, मजदूरों और

श्रमिक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अटल किसान-श्रमिक कैंटीन का

उद्देश्य मेहनतकश वर्ग को सस्ती दरों पर स्वच्छ, पौष्टिक और सम्मानजनक भोजन उपलब्ध

कराना है। उन्होंने कहा कि मंडियों में दिनभर कार्य करने वाले किसानों और श्रमिकों

को इस सुविधा से बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना

के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह कैंटीन

न केवल श्रमिकों की आवश्यकताओं को पूरा करेगी, बल्कि महिला स्वयं सहायता समूहों को

भी रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के अवसर प्रदान करेगी।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष आशा खेदड़ ने इस पहल को किसानों एवं

श्रमिकों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया। मार्केट

कमेटी चेयरमैन रविन्द्र रॉकी बताया कि यह कैंटीन हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन

के अंतर्गत संकल्प महिला क्लस्टर द्वारा संचालित की जाएगी, जिससे महिलाओं के आर्थिक

सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। कैंटीन के शुभारंभ अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से कैंटीन के संचालन की जानकारी ली और स्वयं वहां बैठकर

भोजन किया।

इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, मार्केट कमेटी सचिव भरत शर्मा, जिला

कार्यक्रम प्रबंधक वीरेंद्र श्योराण, अजय कांत जांगड़ा सहित अन्य अधिकारी, सब्जी मंडी

के व्यापारी प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story