हिसार : कुलपति ने किया दाखिला पोर्टल का उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : कुलपति ने किया दाखिला पोर्टल का उद्घाटन


चार वर्षीय इंटेग्रेटिड टीचर्स एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी) के अंतर्गत बीएससी-बीएड

व बीए-बीएड कोर्सों के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू

ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जून

हिसार, 11 जून (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय

में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चार वर्षीय इंटेग्रेटिड टीचर्स एजुकेशन प्रोग्राम

(आईटीईपी) के अंतर्गत बीएससी-बीएड व बीए-बीएड कोर्सों के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू

हो गई है। विद्यार्थी 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई

ने गुरुवार को दाखिला पोर्टल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो.

योगेश चाबा, डीन शिक्षा संकाय प्रो. वंदना पूनिया, कुलपति के तकनीकी सलाहकार प्रो.

विनोद छोकर, पीडीयूसीआईसी के निदेशक मुकेश अरोड़ा, कुलदीप कुंडु व भारत भूषण उपस्थित

रहे।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने इस अवसर पर कहा कि गुजविप्रौवि

का शिक्षा विभाग राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त विभाग है। एक अच्छा शिक्षक केवल

पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाता, बल्कि वह व्यक्तित्व का निर्माण करता है और राष्ट्र के भविष्य

को दिशा देता है। उन्होंने कहा कि आईटीईपी प्रोग्राम का उद्देश्य ऐसे शिक्षकों का निर्माण

करना है जो ज्ञानवान होने के साथ-साथ संवेदनशील, नवाचारी और समाज के प्रति उत्तरदायी

हों।

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि यदि हमें विकसित भारत का निर्माण

करना है, तो हमें ऐसे शिक्षकों की आवश्यकता है, जो केवल पढ़ाने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों

को प्रेरित करने वाले, नवाचार को बढ़ावा देने वाले और जीवन मूल्यों का संवर्धन करने

वाले मार्गदर्शक हों। आईटीईपी प्रोग्राम ऐसे शिक्षकों के निर्माण की मजबूत आधारशिला

है।

शिक्षा संकाय की अधिष्ठाता प्रो. वंदना पूनिया ने कहा कि शिक्षक वह दीपक है,

जो स्वयं जलकर समाज और राष्ट्र के भविष्य को प्रकाशित करता है। शिक्षक शिक्षा में गुणवत्ता

सुनिश्चित करना ही भविष्य के भारत को सशक्त बनाने की कुंजी है। गुजविप्रौवि में आईटीईपी

प्रोग्राम का उद्देश्य कौशलयुक्त शिक्षक तैयार करना है, जो विकसित भारत संकल्प अभियान

में अपना सक्रिय योगदान दे सकें। उन्होंने बताया कि इन कोर्सिज में दाखिला नेशनल टेस्टिंग

एजेंसी (एनटीए) द्वारा संचालित नेशनल कॉमन इंट्रांस टेस्ट (एनसीईटी-2026) के आधार पर

किया जाएगा। दाखिलों के लिए संभावित मेरिट लिस्ट, काउंसलिंग की तिथियों एवं अन्य जानकारी

के लिए के लिए इच्छुक उम्मीदवार विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.gjust.ac.in पर लगातार

विजिट करते रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story