नूंह न्यायिक परिसर में बनेंगे 115 नए अधिवक्ता चैंबर, 460 वकीलों को मिलेगी बैठने की सुविधा
नूंह, 17 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं हरियाणा बिल्डिंग कमेटी के चेयरमैन न्यायाधीश हरसिमरन सिंह सेठी ने शनिवार को जिला न्यायिक परिसर नूंह में लॉयर्स चैंबर्स ब्लॉक-बी के तहत बनने वाले 115 नए अधिवक्ता चैंबरों की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की सुविधाओं का विस्तार न्यायिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अधिवक्ताओं की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं नूंह सत्र मंडल के प्रशासनिक न्यायाधीश हरप्रीत सिंह बराड़ भी मौजूद रहे। सेठी ने कहा कि न्यायिक परिसर में सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से अधिवक्ताओं के साथ-साथ न्यायालय में आने वाले वादकारियों को भी लाभ मिलता है। उन्होंने न्यायिक परिसर के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए न्यायपालिका, जिला प्रशासन और बार एसोसिएशन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
जिला न्यायिक परिसर में लॉयर्स चैंबर्स ब्लॉक-बी के तहत 115 नए चैंबर बनाए जाएंगे। पहले ब्लॉक में भी 115 चैंबर हैं। इस प्रकार दोनों ब्लॉकों में कुल 230 चैंबर उपलब्ध कराने की योजना है। प्रत्येक चैंबर में दो अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था के अनुसार, दोनों ब्लॉकों के तैयार होने पर 460 अधिवक्ताओं को बैठने की सुविधा मिल सकेगी। नए चैंबरों से अधिवक्ताओं को केस फाइलों का अध्ययन करने, कानूनी दस्तावेज तैयार करने और मुवक्किलों के साथ विचार-विमर्श करने के लिए व्यवस्थित स्थान मिलेगा। न्यायाधीश सेठी ने निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए भविष्य में भी चैंबरों और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की संभावनाओं पर विचार करने की बात कही।
हरसिमरन सिंह सेठी ने न्यायिक परिसर की बाउंड्री वॉल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विषयों पर भी ध्यान देने की बात कही। उपायुक्त अखिल पिलानी की उपस्थिति में उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि न्यायिक परिसर की इमारतों और अन्य सुविधाओं का रखरखाव भी निर्माण कार्यों जितना ही महत्वपूर्ण है। परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाए रखने के लिए सभी संबंधित पक्षों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने अधिवक्ताओं से भी विकास कार्यों में प्रशासन और संबंधित अधिकारियों का सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान न्यायमूर्ति हरसिमरन सिंह सेठी ने जिला न्यायिक परिसर में जिम का उद्घाटन किया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने परिसर में स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के विकास और हरियाली को बढ़ावा देने के महत्व को रेखांकित किया। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशील कुमार गर्ग, उपायुक्त अखिल पिलानी, पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन, सीजेएम नेहा गुप्ता, जिला बार एसोसिएशन नूंह के प्रधान एडवोकेट समीम अहमद बदरपुर, चैंबर कमेटी के चेयरमैन एडवोकेट नूरुद्दीन नूर, पूर्व प्रधान ताहिर हुसैन, एडवोकेट मुसर्रत अली खान बदरपुर, पूर्व प्रधान महमूद, ताहिर देवला, अक्षय गुप्ता और निशांत गुप्ता सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

