जींद : लगातार बढ़ रहा तापमान कर रहा बेहाल

WhatsApp Channel Join Now
जींद : लगातार बढ़ रहा तापमान कर रहा बेहाल


जींद, 19 अप्रैल (हि.स.)। लगातार बढ़ रहा तापमान अब आमजन को परेशान करने लगा है। रविवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहा। जबकि हवा की गति 14 किलोमीटर व मौसम में आद्रता दस प्रतिशत बनी रही। रविवार को छुट्टी का दिन होने व गरम हवाएं चलने से लोग घरों में ही दुबके रहे। पूरा दिन गरम हवाएं बहने तथा गर्मी अधिक होने के चलते सड़कें भी सुनसान नजर आई। लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की है।

डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने जिले के नागरिकों से आह्वान किया है कि वे इस तपती गर्मी और लू से खुद को सुरक्षित रखने के लिए विशेष सावधानी बरतें। बढ़ता पारा स्वास्थ्य के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है, ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। डीसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहर के समय बेवजह घरों से बाहर न निकलें और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करें ताकि हीट वेव के दुष्प्रभावों से बचा जा सके।

गर्मी में लू के कारण होती हैं गंभीर समस्याएं

चिकित्सकों के अनुसार गर्मी में लू लगने के कारण शरीर में पानी की कमी, चक्कर आना और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमार व्यक्तियों के प्रति अधिक सावधानी बरतने की जरूरत होती है। चिकित्सकों की सलाह है कि गर्मी के मौसम में प्यास न होने पर भी बार-बार पानी पीते रहें और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें ताकि शरीर का तापमान सामान्य बना रहे। दिन के सबसे गर्म समय यानी दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे के बीच बाहर जाने से परहेज करें। यदि बाहर जाना अनिवार्य हो तो सिर को छातेए टोपी या गमछे से ढक कर निकलें और साथ में पानी की बोतल जरूर रखें।

खानपान में बासी भोजन और तली भुनी चीजों से परहेज करना चाहिए। नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति में लू के लक्षण दिखें तो उन्हें तुरंत छायादार और ठंडी जगह पर ले जाएं। शरीर को ठंडे पानी की पट्टियों से पोंछें और यदि व्यक्ति होश में होए तो उसे ओआरएस का घोल या पानी पिलाएं। हालत में सुधार न होने पर बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर से संपर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story