जींद : भ्रष्टाचार के मामले में हरियाणा भयंकर रूप से घिरा : डा. सुशील गुप्ता
जींद, 09 जुलाई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डा. सुशील कुमार गुप्ता ने कहा कि आज हरियाणा बहुत ही भयंकर रूप से भ्रष्टाचार से घिर चुका है। हरियाणा के अंदर भ्रष्टाचार में कोई ऐसा जिला और नगर निगम नही बचा है, जहां बिना पैसे दिए काम होता है। यह गौरखधंधा अधिकारियों और नेताओं का मिलाजुला है। जब पकड़े जाते हैं तो अधिकारियों को तो जेल में भेज दिया जाता है लेकिन नेताओं पर उंगली टिकने नही देते हैं।
पूर्व राज्यसभा सांसद डा. सुशील कुमार गुप्ता गुरूवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोग यह जान चुके हैं कि बिना पैसे दिए सरकारी दफ्तर में कोई काम नही होता है। प्रोपर्टी आईडी, फैमिली आईडी, रजिस्ट्रेशन, रजिस्टरी की बात करें तो पूरा-पूरा तंत्र भ्रष्टाचार में लिप्त हो चुका है। बिना काम किए हुए ही ठेके छोड़ दिए जाते हैं और उनकी पैमेंट भी हो जाती है और साथ ही ऑडिट भी हो जाता है। आज प्रदेश में धरातल पर काम नही बल्कि कागजों में काम हो रहा है। डा. गुप्ता ने कहा कि आज दुनिया का कोई ऐसा गैंग नही है जो हरियाणा में सक्रिय न हो। हरियाणा अपराधियों के लिए आरामगाह बन चुका है। यह सोच बन गई है कि हरियाणा में अपराध करो तो सरकार कुछ नही कहेगी। कोई ऐसा शहर नही है जहां रेप, मर्डर व फिरौती न मांगी जाती हों।
जींद के अंदर ही अपराध बहुत बढ़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का किसान परेशान है। किसानों को पिछली बार के बाढ़ व फसल खराबे का मुआवजा नही मिला है। अब फिर से बाढ़ आने की तैयारी है। बाढ़ की रोकथाम के लिए कुछ नही किया है। पानी के लिए ग्रामीण परेशान है। आम आदमी पार्टी चैनत धरने का समर्थन करती है लेकिन शर्म की बात यह है कि हरियाणा पानी की कमी से जूझ रहा है। दूसरी तरफ हरियाणा के मुख्यमंत्री गृह मंत्री के दबाव में चुपचाप हरियाणा का पानी राजस्थान को दे कर आ गए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में नशा भाजपा के राज में गांव-गांव तक पहुंच गया है। नशा सरकार के संरक्षण में बिक रहा है। शिक्षा व्यवस्था का बुरा हाल है। सरकारी स्कूल बंद हो रहे हैं। हर रोज पांच स्कूल बंद होते हैं। पूरे हरियाणा के अंदर सरकारी के स्कूल बदहाल हो चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

