हिसार : श्रमिकों के हित में विकसित भारत जी राम जी योजना लाई केन्द्र सरकार : रणबीर गंगवा

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : श्रमिकों के हित में विकसित भारत जी राम जी योजना लाई केन्द्र सरकार : रणबीर गंगवा


कांग्रेस व अन्य विपक्षी दल कर रहे योजना बारे दुष्प्रचार, कांग्रेस के पास कोई तथ्य नहीं

हिसार, 14 जनवरी (हि.स.)। राज्य के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा है केन्द्र सरकार श्रमिकों व जरूरतमंदों के हित में विकसित भारत जी राम जी योजना लाई है। न केवल काम के दिन बढ़ाए गए हैं बल्कि परिवर्तन करते हुए इसे जरूरतमदों के हित वाली बनाया गया है लेकिन कांग्रेस पार्टी त्थ्यों रहित बात करके दुष्प्रचार कर रही है, जो गलत है। रणबीर गंगवा बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता में विकसित भारत जी राम जी योजना पर अपनी बात रख रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में मनरेगा भ्रष्टाचार का पर्याय बन गई थी। उन्होंने कांग्रेस व अन्य विपक्षी पार्टियों द्वारा किए जा रहे दुष्प्रचार का कड़ा जवाब देते हुए कहा कि देश और हरियाणा राज्य की जनता कांग्रेस और इंडी गठबंधन नेताओं का चेहरा और चरित्र भली-भांति पहचान चुकी है। लगातार झूठ बोलने की आदत ने इन दलों को राजनीतिक रूप से अविश्वसनीय बना दिया है और अब जनता उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेती। कांग्रेस पार्टी और इंडी गठबंधन के नेता मनरेगा श्रमिकों को गुमराह करने के लिए बार-बार झूठे बयान दे रहे हैं। रणबीर गंगवा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी न तो लोकसभा व राज्यसभा में अपने सकारात्मक सुझाव रख पाती और न ही हरियाणा विधानसभा में। कांग्रेस के पास जब बोलने को कुछ नहीं होता तो वह वाकआउट में विश्वास करती है और इस बार भी यही हुआ। उन्होंने विकसित भारत जी राम जी योजना को पूरे देश के अलावा हरियाणा के लिए खास फायदेमंद बताया और कहा कि हरियाणा में मजदूरी दर देश भर में सर्वाधिक है। नए प्रावधान से प्रदेश में हर श्रमिक को कम से कम 10 हजार रुपये अधिक मिलेंगे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़, महामंत्री कृष्ण सरसाना, उपाध्यक्ष संजीव रेवड़ी, मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा, चेयरमेन रविंद्र रॉकी, कार्यालय सचिव सुरेन्द्र सैनी, राजकुमार इंदौरा, सोशल मीडिया प्रभारी अमर पातड़ा, विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष अजय बैनीवाल, दीपक अग्रवाल, नरेश नैन, धर्मवीर पानू, महेन्द्र सिंह पानू, रंजीव राजपाल व पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story