पलवल में बस स्टाप पर नहीं रोकी बस तो खेल मंत्री ने लगाई फटकार,बस वापस भेजी

WhatsApp Channel Join Now
पलवल में बस स्टाप पर नहीं रोकी बस तो खेल मंत्री ने लगाई फटकार,बस वापस भेजी


पलवल, 01 जून (हि.स.)। पलवल विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर निकले हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने सोमवार को रोडवेज बस के चालक और परिचालक की लापरवाही पर नाराजगी जताई। बस स्टाप पर यात्रियों को छोड़कर आगे बढ़ने पर मंत्री ने बस को रुकवाया और चालक-परिचालक को फटकार लगाते हुए बस को वापस भेजकर यात्रियों को बैठाने के निर्देश दिए।

मिली जानकारी के अनुसार पलवल-बड़ौली मार्ग पर हरियाणा रोडवेज की एक बस हसनपुर से पलवल की ओर आ रही थी। इसी दौरान एक बस स्टाप पर कुछ महिलाएं और अन्य यात्री बस का इंतजार कर रहे थे। यात्रियों ने बस को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक बस को बिना रोके आगे बढ़ गया। जानकारी मिलने पर खेल मंत्री गौरव गौतम ने अपना काफिला रुकवाया और बस का पीछा किया। कुछ दूरी पर बस को रुकवाकर उन्होंने चालक और परिचालक से जवाब-तलब किया। मंत्री ने दोनों कर्मचारियों को यात्रियों की सुविधा के प्रति संवेदनशील रहने की हिदायत देते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी।

मंत्री के निर्देश पर बस को वापस उसी बस स्टाप पर भेजा गया, जहां इंतजार कर रहे यात्रियों को बस में बैठाया गया। इसके बाद बस को पलवल के लिए रवाना किया गया। खेल मंत्री ने कहा कि आम जनता की सुविधा सर्वोपरि है और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story