पलवल में साइबर ठगों ने चार लोगों को बनाया निशाना, पौने पांच लाख उड़ाए

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के चार अलग-अलग मामलों में केस दर्ज किए हैं। ठगों ने क्रेडिट कार्ड बनवाने, मोबाइल टावर लगवाने, फर्जी आरटीओ चालान लिंक और ऑनलाइन लहंगे का विज्ञापन दिखाकर लोगों को अपने जाल में फंसाया। इन चारों मामलों में कुल चार लाख 75 हजार 596 रुपये की ठगी हुई है। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, किशोरपुर गांव निवासी सतीश कुमार को 16 अक्टूबर को क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा दिया गया। इसके बाद उनके बैंक खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए गए। वहीं, पलवल निवासी रोहित शर्मा को मोबाइल टावर लगवाने का लालच दिया गया। ठगों ने सर्वे शुल्क और पंजीकरण के नाम पर उनसे 2 लाख 12 हजार 670 रुपये ठग लिए।

गोरैला मोहल्ला निवासी जय प्रकाश के मोबाइल फोन पर 7 अगस्त को आरटीओ चालान से संबंधित एक लिंक आया था। उन्होंने लिंक पर क्लिक किया तो उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके बाद ठगों ने उनके बैंक खाते से तीन किस्तों में 92 हजार 997 रुपये निकाल लिए।

गदपुरी गांव निवासी सविता ऑनलाइन लहंगा खरीदने के प्रयास में साइबर ठगी का शिकार हो गईं। उन्होंने यूट्यूब पर लहंगे का विज्ञापन देखा था। इसके बाद ऑर्डर करने की प्रक्रिया के दौरान ठगों ने उन्हें ऑर्डर लॉगिन, गलत भुगतान शुल्क और अन्य तरह के शुल्कों के नाम पर उलझा लिया। इस तरह उनके बैंक खाते से कुल 69 हजार 929 रुपये निकाल लिए गए। जांच अधिकारी ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि चारों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों, लिंक और बैंक खातों से संबंधित जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764929 Articles

Share this story