पलवल में दुकानदार का अपहरण कर डेढ़ लाख की फिरौती वसूली, मामला दर्ज
पलवल, 24 अप्रैल (हि.स.)। जिले के रूपनगर नाटोली गांव से एक दुकानदार का अपहरण कर फिरौती वसूलने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने युवक को बंधक बनाकर परिजनों से डेढ़ लाख रुपये की रकम वसूल ली। पुलिस ने इस मामले में आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बहीन थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि गांव निवासी फारुख ने शिकायत दी है कि उसका 30 वर्षीय बेटा मोईन गांव में किराना की दुकान चलाता है। रात के समय जब मोईन दुकान पर मौजूद था, तभी कुछ लोग बोलेरो गाड़ी में आए और उसे जबरन उठाकर अपने साथ ले गए।
घटना के कुछ समय बाद मोईन के मोबाइल फोन से फारुख के पास कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने बताया कि मोईन को दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया है और उसे छुड़ाने के लिए तीन लाख रुपये लेकर भिवाड़ी पहुंचने को कहा। इस पर फारुख गांव के सरपंच इमरान और नंबरदार विष्णु के साथ भिवाड़ी पहुंचे।
भिवाड़ी में आरोपियों ने पहले पैसे देने की शर्त रखी। फारुख के अनुसार उन्होंने आरोपियों को डेढ़ लाख रुपये दिए। रकम देने के करीब 20 मिनट बाद बदमाशों ने मोईन को छोड़ दिया। जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की गई तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। शिकायत में फारुख ने बताया कि वारदात में नूंह जिले के मुस्तफा, मोईन, सरफराज, वसीम, राजस्थान के जुरहेड़ा निवासी आसीफ तथा पलवल के रूपनगर नाटोली गांव के आकील, ईरसाद और अंसार सहित अन्य लोग शामिल हैं। बहीन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

