पानीपत: देश हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मनोहर लाल

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: देश हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मनोहर लाल


पानीपत, 25 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय विद्युत तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री एवं करनाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनोहर लाल ने कहा कि देश हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

शनिवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न विभागों की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। बैठक में 20 सूत्रीय एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का उद्देश्य आम नागरिकों तक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग नियमित रूप से योजनाओं की समीक्षा करे और तय समय सीमा में लक्ष्यों को पूरा करे। उन्होंने कहा कि योजनाओं की जमीनी स्थिति जानने के लिए लगातार सर्वे कराए जा रहे हैं और जहां भी कमियां मिलेंगी, वहां तुरंत सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। बैठक में गर्भवती महिलाओं तथा बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा आंगनवाड़ी सेवाओं को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि आँगन वाड़ी में अटेंडेंस पूरी नहीं नहीं होती है तो उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए।

बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब सभी विभाग समन्वय, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा योजनाओं के लाभ से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद संजय भाटिया, पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, शहरी विधायक प्रमोद विज, समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना, मेयर कोमल सैनी, सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story