नूंह में जल निकासी और विकास कार्यों में तेजी के लिए विधायक ने की अधिकारियों से बैठक

WhatsApp Channel Join Now
नूंह में जल निकासी और विकास कार्यों में तेजी के लिए विधायक ने की अधिकारियों से बैठक


नूंह, 05 अक्टूबर (हि.स.)। नूंह विधायक व कांग्रेस विधायक दल के उपनेता चौधरी आफताब अहमद ने सोमवार को पुराने रेस्ट हाउस में जल निकासी और विकास कार्यों में तेजी के लिए अधिकारियों संग बैठक की। उन्होंने इलाके में सैम ग्रेस्त भूमि में सुधार कार्य तेज करने पर भी ज़ोर दिया।

बैठक में योगेश शर्मा एक्सईएन पंचायत विभाग, धीरेंद्र एसडीओ पंचायत विभाग, जेई पंचायत विभाग नूह व इंडरी ब्लॉक, जयपाल एसडीओ नगर परिषद, जेई नगर परिषद, धर्मेंद्र एसडीओ एग्रीकल्चर व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विधायक आफ़ताब अहमद ने अधिकारियों से कहा कि रुके हुए विकास कार्यों में तेज़ी लाई जाए ताकि जनता को उनका लाभ मिल सके। पंचायत में रुके हुए कार्यों को पूरा करने के लिए विधायक आफ़ताब अहमद ने पंचायत विकास के निदेशक सुशील सारवान आईएएस से फ़ोन पर बातचीत कर कहा कि लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराया जाए ताकि आमजन को सुविधा मिल सके।

बैठक में ग्राम पंचायत के रास्तों को दुरुस्त करने, कब्रिस्तान और श्मशान घाट की बाउंडरी वाल करने, फिरनी आदि को लेकर बातचीत हुई।विधायक आफताब अहमद ने नूंह जिले में जलभराव के समाधान के लिए अधिकारियों से कहा कि नूंह जिले में जल भराव का समाधान जल्द किया जाए ताकि 5000 से अधिक भूमि पर फसल बुवाई हो सके। विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा कि बीते महीने भी उन्होंने चंडीगढ़ में एसीएस इरीगेशन अनुराग अग्रवाल आईएएस संग बैठक कर नूंह जिले में जलभराव के स्थाई समाधान की मांग उठाई थी।

विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा कि नूंह जिले में जलभराव के कारण दर्जनों गांवों की 5000 एकड़ से अधिक भूमि कई साल से फसल नहीं हुई है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। इस समस्या का स्थाई समाधान निकाला जाए ताकि फसल की बुआई हो सके। विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा कि गांगोली, आलदोका, ढेंकली, जयसिंगपुर, नौशेरा आदि में जलभराव की समस्या अधिक है। यहां भूमि बंजर होती जा रही है जो चिंताजनक है। अधिकारियों ने विधायक को आश्वासन दिया कि जल निकासी तेज़ गति से की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story