हिसार : गांव चलो-बस्ती चलो अभियान व्यापक जनसंपर्क व जनसेवा का महत्वपूर्ण अभियान : भव्य बिश्नोई
पार्टी के अभियान के तहत गांवों में पहुंचे पूर्व विधायक, विकास कार्यों की जानकारी लीहिसार, 14 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के ‘गांव चलो-बस्ती चलो’ अभियान के तहत आदमपुर हलके के गांव डोभी में भाजपा युवा नेता के प्रदेश प्रभारी भव्य बिश्नोई ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा मौके पर ही अधिकारियों से बातचीत करके जनसमस्याओं को दूर करने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों बारे विस्तृत चर्चा की तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश दिए। भव्य बिश्नोई ने मंगलवार काे कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाया जा रहा गांव चलो-बस्ती चलो अभियान प्रदेशभर में व्यापक जनसंपर्क और जनसेवा का एक महत्वपूर्ण अभियान है। इस अभियान का उद्देश्य गांव-गांव और बस्ती-बस्ती तक पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता इस अभियान में पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। प्रत्येक मंडल, बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर पर युवाओं की टीम बनाकर घर-घर संपर्क किया जा रहा है। कार्यकर्ता जनता को सरकार की उपलब्धियों से अवगत करा रहे हैं और उनके सुझाव भी प्राप्त कर रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने संविधान निर्माता, भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर आयोजित कई कार्यकर्मों में शिरकत करके महान आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। गांव चिकनवास में 9 लाख 90 हजार की राशि से बने आंबेडकर चौक का भव्य बिश्नोई ने उद्घाटन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

