हिसार : आईपीएल की लोकप्रियता का फायदा उठाकर सक्रिय हो जाते हैं अपराधी गिरोह : सिद्धांत जैन

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : आईपीएल की लोकप्रियता का फायदा उठाकर सक्रिय हो जाते हैं अपराधी गिरोह : सिद्धांत जैन


आईपीएल सट्टेबाजी: वित्तीय और कानूनी जोखिमों

के प्रति महत्वपूर्ण एडवाइजरी

हिसार, 15 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत

जैन ने जिले के नागरिकों, खासकर युवा वर्ग से सट्टेबाजी जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति

सचेत रहने का आह्वान किया है। उन्होंने आईपीएल सीजन के दौरान जिले में कानून व्यवस्था

बनाए रखने और नागरिकों को वित्तीय जोखिमों से बचाने के लिए जनहित अपील जारी की है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने स्पष्ट किया कि

सार्वजनिक जुआ अधिनियम और संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत किसी भी प्रकार की सट्टेबाजी

(ऑनलाइन या ऑफलाइन) दंडनीय अपराध है। आईपीएल की लोकप्रियता का फायदा उठाकर कई अपराधी

गिरोह सक्रिय हो जाते हैं, जो मासूम लोगों को कम समय में अधिक पैसा कमाने का लालच देकर

सट्टे के दलदल में धकेलते हैं। पुलिस ऐसे असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रख रही है और

नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाएगी।

सट्टेबाजी केवल एक कानूनी अपराध नहीं है, बल्कि

यह परिवारों को आर्थिक रूप से तबाह कर देता है। सिद्धांत जैन ने कहा सट्टे की लत धीरे-धीरे

कर्ज के जाल में बदल जाती है, जिससे न केवल व्यक्ति का करियर बर्बाद होता है, बल्कि

वह मानसिक तनाव और अवसाद का शिकार भी हो जाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है

कि वे अपने बच्चों की डिजिटल गतिविधियों और अचानक आने वाले व्यवहारिक बदलावों पर नजर

रखें।

आजकल साइबर अपराधी फर्जी बेटिंग ऐप्स और व्हाट्सएप

ग्रुप्स के माध्यम से लोगों को निशाना बना रहे हैं। इन ऐप्स में पैसा लगाने के बहाने

आपका बैंक डेटा चोरी किया जा सकता है। पुलिस अधीक्षक ने हिसार वासियों को सलाह दी है

कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपनी बैंकिंग जानकारी साझा करें।

पुलिस जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गश्त बढ़ा

रही है और तकनीकी निगरानी के माध्यम से संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। एसपी ने नागरिकों

से आग्रह किया है कि यदि उन्हें अपने आसपास सट्टेबाजी या किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी

मिलती है, तो वे तुरंत 112 पर या नजदीकी पुलिस स्टेशन में सूचना दें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story