हिसार : मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल पद से हटाया जाए : बृजलाल

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल पद से हटाया जाए : बृजलाल


14 आपत्तियों से जुड़े तथ्य सार्वजनिक हों, कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच

जरूरी

हिसार, 27 सितंबर (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष बृज लाल

बहबलपुरिया ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं

को लेकर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने की

मांग की है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था

के लिए महत्वपूर्ण है तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों का जवाब तथ्यों और दस्तावेजों

के आधार पर दिया जाना चाहिए।

कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बृजलाल बहबलपुरिया ने रविवार काे मीडिया रिपोर्टों

में सामने आए उन दावों का उल्लेख किया, जिनमें कहा गया है कि पिछले 10 महीनों के दौरान

चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार

के कुछ निर्णयों और कार्यप्रणाली को लेकर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्तियां दर्ज कराईं।

कांग्रेस ने इन आपत्तियों, संबंधित निर्णयों और उन पर हुई कार्रवाई का पूरा विवरण सार्वजनिक

करने की मांग की है। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार कांग्रेस ने भी इन कथित आपत्तियों

की स्वतंत्र जांच की मांग उठाई है।

बहबलपुरिया ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), मतदाता सूची में नाम जोड़ने

और हटाने, नाम बहाल करने, फॉर्म-6 में बदलाव तथा मतदाता डेटा और सॉफ्टवेयर के नियंत्रण

जैसे मुद्दों पर उठ रहे सवालों की स्वतंत्र और निष्पक्ष समीक्षा होनी चाहिए। उन्होंने

कहा कि किसी भी पात्र मतदाता को मताधिकार से वंचित न किया जाए और चुनाव प्रक्रिया को

लेकर उठ रही आशंकाओं का समाधान पारदर्शी जांच के माध्यम से किया जाना चाहिए। उन्होंने

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से चुनाव प्रक्रिया और कथित वोट चोरी

को लेकर उठाए गए सवालों का भी समर्थन किया। बहबलपुरिया ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया

से जुड़े आरोपों की जांच तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर होनी चाहिए तथा संबंधित अधिकारियों

की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। बहबलपुरिया ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर

28 सितंबर को हिसार में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन

किया जाएगा। इसके तहत जिला कांग्रेस भवन से आईजी कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला जाएगा।

इस अवसर पर एआईसीसी सदस्य राजेश संदलाना, केकेसी प्रदेश अध्यक्ष नरेश मलिक,

वरिष्ठ महिला नेत्री कृष्णा दुग्गल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बरवाला ग्रामीण सरवन कुमार,

मीडिया प्रवक्ता विनोद लॉयल, केकेसी जिला अध्यक्ष राजेश डाबड़ा, कृष्ण कुमार, समाजसेवी

रामफल शिले, समाजसेवी सतीश भाटिया, चंद्र शेखर सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं गणमान्य

व्यक्ति उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story