सिरसा: विभाग ने काटे पानी के अवैध कनेक्शन

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: विभाग ने काटे पानी के अवैध कनेक्शन


सिरसा, 10 जून (हि.स.)। सिरसा जिले में पेयजल संकट को दूर करने और आम लोगों को पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने बुधवार को ढाणी बिलासपुर में बागवानी और अन्य गैर-घरेलू कार्यों के लिए उपयोग किए जा रहे पानी के अवैध कनेक्शनों को काट दिया।

जिला सलाहकार राकेश सोगलान ने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग पेयजल आपूर्ति का उपयोग बागवानी एवं अन्य कार्यों में कर रहे हैं, जिसके कारण क्षेत्र के निवासियों को पीने के पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने विशेष निरीक्षण अभियान चलाया और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान विभाग की टीम ने कई स्थानों का निरीक्षण किया तथा ऐसे कनेक्शनों की पहचान कर उन्हें तुरंत प्रभाव से काट दिया, जिनका उपयोग पेयजल के निर्धारित उद्देश्य के विपरीत किया जा रहा था। विभाग की टीम ने आमजन से अपील की कि वे पेयजल का सदुपयोग करें और जल संरक्षण में सहयोग दें। यदि भविष्य में कोई व्यक्ति पेयजल का दुरुपयोग करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान जेई अश्वनी, बीआरसी राजेश कुमार, बीआरसी प्रेम तथा आरएमई स्टाफ के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story