सिरसा: पेयजल की बर्बादी पर दर्जनों अवैध कनेक्शन काटे

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: पेयजल की बर्बादी पर दर्जनों अवैध कनेक्शन काटे


सिरसा, 08 जून (हि.स.)। जन स्वास्थ्य विभाग ने सिरसा जिले में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दर्जनों अवैध कनेक्शन एक साथ काट दिए व कई लोगों को नोटिस थमाए गए हैं। पिछले दो दिन से जारी इस अभियान से शहर में पेयजल आपूर्ति बाधित करने वाले गैरकानूनी तत्वों पर नकेल कसी गई है। विभाग ने दावा किया है कि अब शहर व आसपास के क्षेत्रों में पेयजल सप्लाई पूरी तरह सामान्य हो गई है।

विभाग के उपमंडल अधिकारी विजय कुमार ने सोमवार को बताया कि पिछले कुछ दिनों में शहर के स्थापित डेयरी, फैक्ट्रियों, विभिन्न मोहल्लों और कॉलोनियों में छापेमारी कर अवैध कनेक्शन चिह्नित किए गए थे। इनमें से कई कनेक्शन बिना अनुमति के नलकूपों या मुख्य लाइनों से जोड़े गए थे, जिससे वैध उपभोक्ताओं के पानी का दबाव कम हो रहा था और संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा था। उन्होंने बताया कि शहर में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है जो कि अवैध कनेक्शनों की पहचान कर उन्हें तुरंत काट रही हैं।

उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में शहर में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उपमंडल अधिकारी ने कहा कि पेयजल एक बहुमूल्य संसाधन है और इसकी बर्बादी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से विभागीय नियमों का पालन करने तथा केवल वैध जल कनेक्शन का उपयोग करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। टीम ने लोगों को जल संरक्षण का संदेश देते हुए नल खुला न छोडऩे, टपकते नलों एवं पाइपलाइनों की समय पर मरम्मत कराने तथा पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि विभागीय टीम ने खंड बड़ागुढ़ा के गांव अलीकां में घर-घर जाकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई घर चिन्हित किए गए, जहां पेयजल का उपयोग बागवानी एवं अन्य गैर-घरेलू कार्यों में किया जा रहा था। विभाग ने संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में पानी की बर्बादी जारी रहने पर उनके जल कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इस दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story