यमुनानगर:कलेसर में हजारों खैर वृक्षों की हुई अवैध कटाई, वन्यजीव निरीक्षक निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:कलेसर में हजारों खैर वृक्षों की हुई अवैध कटाई, वन्यजीव निरीक्षक निलंबित


यमुनानगर, 24 मई (हि.स.) यमुनानगर के कलेसर राष्ट्रीय उद्यान एवं वन्य जीव विहार क्षेत्र में खैर के हजारों पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने प्रशासनिक कार्रवाई की है। विभागीय जांच में व्यापक स्तर पर अवैध कटान की पुष्टि होने पर संबंधित क्षेत्र के वन्यजीव निरीक्षक लीलू राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

इस कार्रवाई के बाद विभागीय हलकों में हलचल तेज हो गई है। वन विभाग को पिछले कुछ समय से कलेसर क्षेत्र में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई संबंधी लगातार शिकायतें मिल रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक, हरियाणा के निर्देश पर मुख्य वन संरक्षक (वन्य जीव), गुरुग्राम की अध्यक्षता में विशेष जांच समिति गठित की गई थी। समिति ने क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण करने के बाद 4 मई 2026 को अपनी रिपोर्ट सौंपी।

जांच रिपोर्ट में कुल 3253 खैर के पेड़ों की अवैध कटाई की पुष्टि की गई। इनमें 1473 नए कटान तथा 1780 पुराने कटान के मामले पाए गए हैं। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया कि संबंधित क्षेत्र की निगरानी और संरक्षण की जिम्मेदारी वन्यजीव निरीक्षक लीलू राम के पास थी। इतने बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई सामने आने के बाद विभाग ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए हरियाणा सिविल सेवा नियमों के तहत उन्हें निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पंचकूला निर्धारित किया गया है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी जांच जारी है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आगामी दिनों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कलेसर क्षेत्र जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में बड़ी संख्या में खैर वृक्षों की कटाई पर्यावरण संरक्षण के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story