जींद : नशा तस्करों के मकानों पर चला बुलडोजर
जींद, 09 जून (हि.स.)। नशा तस्करों के खिलाफ मंगलवार को व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नरवाना स्थित चमेला कालोनी में नशा तस्करी से जुड़े व्यक्तियों द्वारा किए गए अवैध कब्जों और अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। इस अभियान में नरवाना उपमंडल के सभी थाना प्रबंधकों, सीआईए स्टाफ नरवाना तथा भारी संख्या में पुलिसबल ने भाग लिया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार नरवाना बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे। जिन अवैध मकानों एवं निर्माणों को ध्वस्त किया गया, उनके संबंध में जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) जींद द्वारा नोटिस जारी किए गए थे। इन मकानों के मालिक नशा तस्करी जैसी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए हैं तथा इन सभी को पहले ही चिन्हित किया जा चुका है।
एक-एक कर ध्वस्त किए नशा तस्करों के मकान
पुलिस टीम द्वारा एक-एक कर नशा तस्करों के मकानों को ध्वस्त करने का काम किया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिसबल भी तैनात रहा। हालांकि महिलाएं दूर खड़ी होकर कार्रवाई को देखती रही और पुलिस कार्रवाई रोकने की गुहार भी लगाई लेकिन पुलिस ने उनकी एक नही सुनी। इस दौरान महिलाएं व घर के सदस्य रोते रहे और दुहाई भी देते रहे लेकिन कार्रवाई लगातार जारी रही।
उप पुलिस अधीक्षक नरवाना कमलदीप राणा ने कहा कि जींद पुलिस नशा तस्करों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों और कब्जों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

