यमुनानगर:अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती, बिना ई-रवाना वाहनों पर तुरंत जब्ती के निर्देश
यमुनानगर, 04 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर में अवैध खनन और खनिज के गैरकानूनी परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर निगरानी तंत्र को और मजबूत किया है। उपायुक्त प्रीति ने स्पष्ट किया कि जिले में लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी पुलिस के साथ समन्वय कर सक्रिय रूप से मैदान में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि निगरानी के लिए 19 स्थायी नाके स्थापित किए गए हैं, जबकि 8 मोबाइल टीमें दिन-रात गश्त कर रही हैं। इस अभियान का उद्देश्य अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि कोई भी वाहन बिना वैध ई-रवाना दस्तावेज के खनिज परिवहन करते पाया जाता है, तो उसे तत्काल जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने अवैध खनन पर पूर्ण रोक सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों और ग्राम पंचायत स्तर तक जिम्मेदारियां तय की हैं। संबंधित क्षेत्रों के अधिकारी, कर्मचारी तथा सरपंचों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध खनन या स्वीकृत स्थानों के अलावा कहीं अन्यत्र खनन की गतिविधि सामने आती है और इसकी सूचना समय पर संबंधित अधिकारियों को नहीं दी जाती, तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी व्यक्तिगत रूप से जवाबदेह होंगे तथा उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थलों पर ही नियमों के तहत खनन की अनुमति है। इसके अतिरिक्त किसी भी अन्य स्थान पर खनन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

