सोनीपत में अवैध खैर लकड़ी का ट्रक पकड़ा, चालक गिरफ्तार
सोनीपत, 21 मार्च (हि.स.)। सोनीपत
के मुरथल क्षेत्र में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध रूप से खैर की
लकड़ी ले जा रहे एक ट्रक को पकड़ा । गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर
टीम मान ढाबा की पार्किंग में पहुंची, जहां एक ट्रक खड़ा मिला। जांच करने पर
उसमें भारी मात्रा में खैर की लकड़ी भरी हुई पाई गई।
टीम
में वन दरोगा रोहित, वन दरोगा विशाल और वन रेंज अधिकारी नरेश शामिल रहे। पूछताछ के
दौरान चालक ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश निवासी बलबीर यादव के रूप में बताई।
जब उससे लकड़ी के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। चालक
ने दस्तावेज लाने के लिए समय मांगा, लेकिन 20 मार्च तक भी कोई प्रमाण पेश नहीं किया
गया। जांच
के दौरान ट्रक का वजन करवाया गया, जिसकी पर्ची संख्या 13929 दिनांक 20 मार्च 2026 है।
ट्रक से कुल 258 खैर की लकड़ी के टुकड़े बरामद किए गए। इसके साथ ही चालक से 14 हजार
680 रुपये नकद, ट्रक के कागजात और अन्य दस्तावेज भी कब्जे में लिए गए।
प्रारंभिक
जांच में मामला अवैध कटान और लकड़ी तस्करी से जुड़ा पाया गया है। थाना मुरथल में मामला
दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच पीएसआई प्रवीन और हेड कांस्टेबल कुलदीप को सौंपी
गई है। क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ सख्ती बढ़ाई जा रही है। वन विभाग और
पुलिस की संयुक्त कार्रवाई आगे भी जारी रहने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

