यमुनानगर:अवैध देसी कट्टे व दो कारतूस सहित युवक गिरफ्तार, हथियार सप्लायर भी दबोचा

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:अवैध देसी कट्टे व दो कारतूस सहित युवक गिरफ्तार, हथियार सप्लायर भी दबोचा


यमुनानगर, 29 नवंबर (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस की एंटी बर्गलरी एवं नारकोटिक्स सेल-दो की टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी कट्टे और दो जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सेल के इंचार्ज रमन चंदेल ने बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक झाड़ू फैक्ट्री, तीर्थ नगर के पास अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को काबू कर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी की पहचान जिला सहारनपुर के कस्बा नागल स्थित गांव बरहेरी कॉलोनी निवासी अंकित कुमार के रूप में हुई। वह फिलहाल यमुनानगर की जमुना गली में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने देसी कट्टा तीर्थ नगर स्थित झाड़ू फैक्ट्री निवासी राजीव कुमार से खरीदा था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कथित हथियार सप्लायर राजीव कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया।

अदालत ने अंकित कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि राजीव कुमार को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इंचार्ज रमन चंदेल ने बताया कि अंकित कुमार के खिलाफ पहले भी शस्त्र अधिनियम का एक और एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं। पुलिस अब हथियार की खरीद-फरोख्त और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785172 Articles

Share this story