पलवल में अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पलवल, 23 मई (हि.स.)। जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए होडल सीआईए टीम ने मुख्य आरोपी डेविस उर्फ दुर्गेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले वर्ष शस्त्र अधिनियम के एक मामले में फरार चल रहा था। पुलिस इस मामले में अब तक 4 देसी कट्टे और 16 जिंदा कारतूस बरामद कर चुकी है।
सीआईए होडल प्रभारी जगमिंदर सिंह ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि 23 सितंबर 2025 को हवलदार सलीम खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे-19 पर गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्कॉर्पियो कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के थैले से 4 देसी कट्टे और 16 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी की पहचान गांव सेवली निवासी गौरव के रूप में हुई। उसके खिलाफ होडल थाना में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ में गौरव ने खुलासा किया कि उसने यह हथियार गढ़ी पट्टी होडल निवासी डेविस उर्फ दुर्गेश से खरीदे थे। गौरव की निशानदेही पर पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े कोसीकलां (उत्तर प्रदेश) निवासी अमित को भी शस्त्र अधिनियम की धारा-29 के तहत गिरफ्तार किया था।
अब पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य सप्लायर डेविस उर्फ दुर्गेश को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार डेविस एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी गदपुरी थाना में मामला दर्ज है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

