यमुनानगर:देसी कट्टे समेत दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:देसी कट्टे समेत दो आरोपी गिरफ्तार


यमुनानगर, 23 मई (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की अपराध शाखा-2 ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी कट्टे सहित गिरफ्तार किया है। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हथियार उपलब्ध कराने वाले दूसरे आरोपी को भी दबोच लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

अपराध शाखा-2 के प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक गांव कुलपुर क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर संदिग्ध गतिविधियों में घूम रहा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के बाद टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान गांव मिल्क निवासी लवप्रीत के रूप में हुई।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने बरामद हथियार गांव लवाना निवासी रवि से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हथियार सप्लाई करने के आरोप में रवि को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपियों का संबंध किसी आपराधिक गिरोह या अन्य अवैध गतिविधियों से तो नहीं है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story