कैथल: पीड़ितों की शिकायतों को लटकाने के बजाय समय पर करें समाधान : आईजी अश्विन शैणवी

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: पीड़ितों की शिकायतों को लटकाने के बजाय समय पर करें समाधान : आईजी अश्विन शैणवी


कैथल, 14 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस थाने में अपनी शिकायत लेकर आने वाले व्यक्ति को न्याय की उम्मीद होती है। ऐसे में पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे पीड़ित की बात गंभीरता से सुनें और उसकी शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। शिकायत ऑनलाइन मिली हो या किसी वरिष्ठ अधिकारी के माध्यम से पहुंची हो, उसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। यह निर्देश पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) करनाल मंडल अश्विन शैणवी ने बुधवार को कैथल पुलिस लाइन में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए।

बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई। आईजी ने थाना प्रभारियों, चौकी इंचार्जों और क्राइम यूनिट के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंभीर अपराधों की जांच में तेजी लाई जाए और लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य अपराधियों को पकड़ना और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाना है।

आईजी अश्विन शैणवी ने कहा कि पुलिस की भूमिका केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज सेवा का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए। थानों और चौकियों में आने वाले लोगों के साथ सभ्य व्यवहार किया जाए, ताकि उन्हें अपनी समस्या रखने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में नशा तस्करी, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर भी चर्चा हुई। आईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित गश्त की जाए, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जाए और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने गिरफ्तारी दर में सुधार करने तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। इससे पहले कैथल पुलिस लाइन पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने आईजी का स्वागत किया। पुलिस गार्द की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद एसपी ने जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

आईजी ने पुलिसकर्मियों के कल्याण को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विभाग में तैनात कर्मचारियों की समस्याओं पर ध्यान दिया जाएगा। वेलफेयर से संबंधित किसी भी परेशानी के लिए पुलिसकर्मी निःसंकोच उनके कार्यालय में आकर अपनी बात रख सकते हैं। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। बैठक में डीएसपी बीर भान, डीएसपी रमेश चंद्र, डीएसपी सुशील प्रकाश सहित जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारी, क्राइम यूनिट प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760867 Articles

Share this story