अगर नैतिकता है तो स्वयं इस्तीफा दें, पार्टी के साथ नही मतदाताओं का तोड़ा है विश्वास:हुड्डा

WhatsApp Channel Join Now
अगर नैतिकता है तो स्वयं इस्तीफा दें, पार्टी के साथ नही मतदाताओं का तोड़ा है विश्वास:हुड्डा


राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोट करने वाले कांग्रेस विधायकों को भूपेंद्र हुड्डा की दो टूक

रोहतक, 23 मार्च (हि.स.)। हरियाणा की राजनीति में राज्यसभा चुनाव को लेकर घमासान तेज हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने क्रॉस वोटिंग करने वाले कांग्रेस विधायकों पर सख्त रुख अपनाते हुए दो टूक कहा है कि अगर उनमें नैतिकता बची है तो उन्हें तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

रोहतक स्थित अपने आवास पर सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में हुड्डा ने कहा कि क्रॉस वोट करने वाले विधायकों ने सिर्फ पार्टी के साथ ही नहीं, बल्कि अपने मतदाताओं के विश्वास को भी तोड़ा है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले भी ऐसे विधायकों ने पार्टी छोड़ दी थी, इसलिए इस बार भी उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।

हुड्डा ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने ऐसे विधायकों को नोटिस जारी कर दिया है और अब इस मामले में अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान द्वारा लिया जाएगा। उन्होंने संकेत दिए कि अनुशासनहीनता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान हुड्डा ने हरियाणा की मौजूदा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की रिपोर्ट ने ही प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली की पोल खोल दी है। उनके अनुसार प्रदेश में किसी भी क्षेत्र में संतोषजनक काम नहीं हुआ है और हर वर्ग सरकार से परेशान है। बेमौसमी बारिश के चलते फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए हुड्डा ने सरकार से तुरंत गिरदावरी कराने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story