हिसार: हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया तो आंदोलन होगा तेज : अशोक श्योकन्द

हिसार, 23 जुलाई (हि.स.)। सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित हरियाणा राज्य चतुर्थ श्रेणी सरकारी कर्मचारी यूनियन ने फील्ड कर्मचारियों पर जानलेवा हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर कार्यकारी अभियंता के कार्यालय के समक्ष मंगलवार को दूसरे दिन भी धरना प्रदर्शन जारी रखते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। धरने की अध्यक्षता यूनियन के जिला प्रधान रामफल शिकारपुर ने की। धरना का संचालन देवेंद्र नेहरा ने किया।
यूनियन के शाखा प्रधान अशोक श्योकंद ने बताया कि 20 जुलाई की रात को बेलदारों पर हुए जानलेवा हमले के मामले को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं है। यही कारण है कि दोषियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि धरने के दबाव में एफआईआर तो दर्ज कर ली गई है, लेकिन जो धाराएं लगाई गई हैं वह नाममात्र हैं।
शाखा प्रधान अशोक श्योकंद ने कहा कि यदि इस मामले में दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार नहीं किया गया तो यूनियन आंदोलन को तेज करने को मजबूर होगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। धरने को मैकेनिकल वर्कर यूनियन के शाखा प्रधान सतीश दनौदा, अग्रोहा से बिट्टू सहारण, विनोद, राजकुमार, श्रीकांत, जगसीर खेदड़, सुरेन्द्र भ्याण, रमेश शर्मा, संदीप पुनिया, कुलदीप बैनीवाल, ईश्वर सोढ़ी, सुनील कंवारी, मनदीप दनौदा, सुभाष, कुलदीप फौजी, धर्मवीर फौजी, सुनील व वेद प्रकाश आदि कर्मचारी नेताओं ने भी संबोधित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर / सुमन भारद्वाज / SANJEEV SHARMA