हरियाणा: अनुपस्थित आईएएस अधिकारी रानी नागर की सेवाएं समाप्त करने की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now

-रानी को पक्ष रखने के लिए 15 दिन का अंतिम नोटिस जारी

चंडीगढ़, 09 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा सरकार वर्ष 2014 बैच की आईएएस अधिकारी रानी नागर की सेवाएं समाप्त करने की तैयारी में है। साढ़े पांच साल से अनुपस्थित चल रही विवादित अधिकारी के खिलाफ पांच मई 2022 को अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू हुई थी। पिछले साल जुलाई में प्रदेश सरकार ने उन्हें जबरन सेवानिवृत्ति देने का निर्णय कर लिया था, लेकिन संघ लोकसेवा आयोग (यूपीएससी) ने इस पर रोक लगाते हुए उनका ग्रेड दो साल तक कम करने की सलाह देते हुए उनका पक्ष जानने के निर्देश दिए थे। तभी से रानी को पक्ष रखने के लिए लगातार ई-मेल के माध्यम से नोटिस भेजे जा रहे हैं, लेकिन अभी तक उनका जवाब सरकार को नहीं मिला है।

अब कार्मिक विभाग की ओर से गुरुवार को रानी को अंतिम नोटिस देते हुए जवाब दाखिल करने को 15 दिन का समय दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि संघ लोक सेवा आयोग द्वारा 30 मई 2024 की सलाह पर अपना जवाब इस अवधि में नहीं दिया तो मान लिया जाएगा कि उन्हें कुछ भी नहीं कहना है। इसके बाद नियमों के अनुसार उन्हें कोई और नोटिस दिए बगैर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश सरकार द्वारा केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय से रानी की सेवाएं समाप्त करने की सिफारिश की जा सकती है। रानी नागर को आखिरी बार 11 मार्च 2020 को अभिलेखागार विभाग में अतिरिक्त सचिव और निदेशक के पद पर लगाया था। इस पद पर उन्होंने 27 अक्टूबर, 2020 तक सेवाएं दी। इसके बाद से ही वह किसी पूर्व सूचना के बगैर अनुपस्थित चल रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story