भ्रष्टाचार का आरोपित आईएएस प्रदीप कुमार दो दिन के रिमांड पर

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 01 जुलाई (हि.स.)। बैंक घोटाले में गिरफ्तार किए गए हरियाणा के आईएएस अधिकारी प्रदीप कुमार को पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष कोर्ट ने दो दिन के रिमांड पर भेजा है। सीबीआई ने प्रदीप कुमार डागर को मंगलवार को गिरफ्तार किया था। मंगलवार को ही वह अपनी नौकरी से सेवानिवृत्त हुए हैं।

मामला हाई प्रोफाइल होने के चलते सीबीआई ने मंगलवार को देर रात प्रदीप कुमार को पंचकूला की अदालत में पेश कर दिया। जिसके बारे में बुधवार को जानकारी दी गई। सरकार ने डागर को 8 अप्रैल 2026 को ही सस्पेंड कर दिया था। सीबीआई के मुताबिक प्रदीप लंबे समय से जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे। इसके अलावा जांच एजेंसी से बचने की कोशिश कर रहे थे। उनकी लोकेशन ट्रेस करने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने अग्रिम जमानत याचिका भी लगाई थी, जिस पर 2 जुलाई को सुनवाई होनी है। इससे पहले ही सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई ने अदालत को बताया कि प्रदीप कुमार के माध्यम से कई अन्य आरोपियों के बारे में सुराग मिल सकते हैं। उन्होंने अग्रिम जमानत याचिका में एक अन्य वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के नाम का जिक्र किया है। ऐसे में सीबीआई रिमांड के दौरान उक्त आईएएस के बारे में भी पूछताछ करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story