हाइड्रोजन ट्रेन का हो विस्तार, गोहाना से दिल्ली तक चले

WhatsApp Channel Join Now
हाइड्रोजन ट्रेन का हो विस्तार, गोहाना से दिल्ली तक चले


हाइड्रोजन ट्रेन का हो विस्तार, गोहाना से दिल्ली तक चले


रेल मंत्री से मिले हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा

केंद्रीय मंत्री के समक्ष तीन आरओबी-आरयूबी के निर्माण का मुद्दा भी उठाया

चंडीगढ़, 12 अगस्त (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर गोहाना क्षेत्र की रेल सुविधाओं के विस्तार और लंबित परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। डॉ. शर्मा ने रेल मंत्री के समक्ष जींद-गोहाना होते हुए दिल्ली तक हाइड्रोजन ट्रेन चलाने की मांग रखी। इसके साथ ही गोहाना क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) के निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।

डॉ. अरविंद शर्मा ने बुधवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि रेल मंत्री के समक्ष मांग रखी कि हाइड्रोजन ट्रेन का परिचालन जींद और गोहाना होते हुए दिल्ली तक किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे गोहाना और आसपास के क्षेत्रों को आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और भविष्य की परिवहन व्यवस्था से जोडऩे में मदद मिलेगी। हाइड्रोजन ट्रेन हरित परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और इसका परिचालन इस रेलमार्ग पर क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि साबित हो सकता है।

गोहाना-महम रोड पर दो लेन आरओबी की मांग

डॉ. शर्मा ने गोहाना शहर में गोहाना-महम रोड पर रोहतक-पानीपत रेलवे लाइन के लेवल क्रॉसिंग नंबर-29 एसपीएल पर दो लेन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि इस रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी बनने से शहर के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी।

मोहाना-सलारपुर माजरा मार्ग पर आरओबी

उन्होंने मोहाना से सलारपुर माजरा मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग संख्या-22सी पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का तत्काल निर्माण करवाने की मांग की। यह मार्ग आसपास के गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। आरओबी बनने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

गोहाना-बरोदा-जुलाना रोड पर आरयूबी

इसके अलावा डॉ. अरविंद शर्मा ने रोहतक-पानीपत रेलवे लाइन पर गोहाना-बरोदा-जुलाना रोड के लेवल क्रॉसिंग नंबर-30 एसपीएल पर दो लेन रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) के निर्माण की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को रेलवे क्रॉसिंग पर होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। मुलाकात के दौरान डॉ. शर्मा ने गोहाना क्षेत्र से जुड़ी अन्य रेलवे परियोजनाओं और विकास कार्यों पर भी रेल मंत्री से चर्चा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story