यमुनानगर:बेकाबू हाइड्रा क्रेन ने दो महिलाओं को रौंदा, एक की मौत
यमुनानगर, 14 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर के शादीपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार हाइड्रा क्रेन की चपेट में आने से एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाओं को वाहन ने कुचल दिया। हादसे में एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
चिकित्सकों को उसकी जान बचाने के लिए एक हाथ काटना पड़ा। वहीं घायल महिला की गोद में मौजूद तीन वर्षीय बच्ची टक्कर के दौरान सड़क किनारे जा गिरी, जिससे उसकी जान बच गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मृतका की पहचान बिहार निवासी 55 वर्षीय हमीदा खातून के रूप में हुई है। वह चार बच्चों की मां थी। गंभीर रूप से घायल अनीषा खातून का अस्पताल में उपचार जारी है।
घायल महिला के पति रियाज ने पुलिस को बताया कि वह शादीपुर क्षेत्र में किराये पर रहकर एक माइक्रो प्लाईवुड फैक्ट्री में कार्य करता है। सोमवार सुबह वह पत्नी अनीषा, तीन वर्षीय बेटी अनाया और रिश्तेदार हमीदा खातून के साथ बाजार जा रहा था। खजूरी रोड पर वैदिक साधन आश्रम के निकट पीछे से आई तेज रफ्तार हाइड्रा ने दोनों महिलाओं को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बच्ची गोद से उछलकर सड़क किनारे जा गिरी, जबकि वाहन का पहिया अनीषा के हाथ और पैर तथा हमीदा के शरीर के ऊपर से गुजर गया।
घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान हमीदा खातून ने दम तोड़ दिया, जबकि अनीषा की गंभीर चोटों के कारण चिकित्सकों को उसका एक हाथ काटना पड़ा। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर फरार चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

