सोनीपत:घरेलू विवाद में पति ने पत्नी को चाकू मारकर किया घायल
सोनीपत, 05 मार्च (हि.स.)। सोनीपत
शहर में धुलेंडी के दिन एक परिवार के भीतर हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा।
पति-पत्नी के बीच शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में पति ने रसोई से सब्जी
काटने वाला चाकू उठाकर पत्नी के पेट पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को आसपास
के लोगों की मदद से नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी
हालत नाजुक होने पर खानपुर स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी
पति मौके से फरार हो गया। फिलहाल मुरथल थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी
के अनुसार मुरथल क्षेत्र के सरस्वती विहार में रहने वाला एक व्यक्ति धुलेंडी के दिन
अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान किसी घरेलू बात को लेकर उसकी पत्नी के साथ कहासुनी
शुरू हो गई। शुरुआत में मामूली तकरार के रूप में शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया
और दोनों के बीच तीखी बहस होने लगी। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। झगड़े
के दौरान आरोपी ने गुस्से में रसोई में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठा लिया और पत्नी
के पेट में वार कर दिया। वार से महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना
की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तुरंत घायल महिला को सोनीपत के नागरिक अस्पताल
पहुंचाया। चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने
के कारण उसे खानपुर स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मुरथल
थाना पुलिस के अनुसार फिलहाल महिला का इलाज चल रहा है और चिकित्सकों की ओर से उसे बयान
देने के लिए अभी फिट घोषित नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि महिला के बयान दर्ज
होने के बाद ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी की
तलाश कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

