हिसार में 6508 परीक्षार्थियों ने दी एचटेट की परीक्षा
रोडवेज ने चलाई विशेष बसें, छात्रा को जीएम की बोलेरो से पहुंचाया परीक्षा
केन्द्र
24 केन्द्रों पर 7433 को देनी थी परीक्षा, 925 रहे अनुपस्थित, 6508 ने दी परीक्षा
हिसार, 04 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा का पहला चरण शनिवार को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया। दो दिनों में तीन चरणों में होने वाली इस परीक्षा में 22 हजार 429 परीक्षार्थियों को शामिल होना है। पहले दिन शनिवार को 24 केन्द्रों पर 7433 को परीक्षा देनी थी। इनमें से 925 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे और 6508 ने परीक्षा दी। अब रविवार को रविवार को पहली व दूसरी शिफ्ट के तहत दो चरणों में परीक्षा होगी। पहली शिफ्ट में 11 हजार 641 व दूसरी शिफ्ट में 3355 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
एचटेट परीक्षा शनिवार को एक शिफ्ट में दोपहर 3 बजे से 5.30 बजे तक हुई जबकि
रविवार को यह दो शिफ्टों में होनी है। रविवार 5 जुलाई को प्रात:कालीन सत्र में सुबह
10 बजे से दोपहर बाद 12:30 बजे तक लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा एवं सायं कालीन सत्र
में दोपहर बाद 3 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा होनी है। परीक्षा शांतिपूर्ण
ढंग से कराने व नकल रोकने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन ने कड़े प्रबंध किए वहीं रोडवेज
प्रशासन ने विशेष बसों का प्रबंध करके परीक्षार्थियों को उनके सेंटर तक पहुंचाया।
परीक्षा के पहले दिन परीक्षा केंद्रों पर पुरुष अभ्यार्थियों से ज्यादा महिलाओं
की संख्या ज्यादा नजर आई। चेकिंग के दौरान महिलाओं के हेयर बैंड, नोज पिन और जूते तक
उतरवाए गए। इसके अलावा एक-एक परीक्षार्थी की बायोमेट्रिक के जरिए जांच की गई। अंगूठे
और चेहरे का मिलान किया गया। उपायुक्त महेन्द्र पाल व अन्य अधिकारियों ने विभिन्न सेंटरों
का दौरा करके परीक्षा संचालन का जायजा लिया।
रोडवेज ने इन रूटों पर चलाई बसें
रोडवेज प्रशासन ने परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केन्द्र तक पहुंचाने के
लिए विशेष बसों का प्रबंध किया। इसके तहत विभाग ने लोकल बस अड्डे से पांच बूथों से
विभिन्न परीक्षा केन्द्रों तक बसें चलाई। रोडवेज की बसें ओम स्टर्लिंग ग्लोबल यूनिवर्सिटी,
राजकीय महिला महाविद्यालय, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, जीजेयू, एचएयू परिसर, दिल्ली
पब्लिक स्कूल और दर्शन अकादमी सहित अन्य परीक्षा केंद्रों तक पहुंची। यातायात प्रबंधक
प्रीतम कुमार पल-पल की स्थिति पर नजर रखे रहे वहीं विभाग के निरीक्षकों, उप निरीक्षकों व अन्य
कर्मचारियों ने भी परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचाने में मदद की।
देरी से पहुंची छात्रा को रोडवेज अधिकारियों ने बोलेरो से पहुंचाया
रोडवेज अधिकारियों द्वार लोकल बस अड्डे पर पांच बूथ निर्धारित करके परीक्षार्थियों
को पहुंचाने के लिए बसों का प्रबंध किया गया था। इसी दौरान एक छात्रा दीपांशी गोयल ऐन मौके पहुंची और यातायात
प्रबंधक प्रीतम कुमार को बताया कि उसका ओम स्टर्लिंग यूनिवर्सिटी में एचटेट का पेपर
है और वह लेट हो गई है।
यातायात प्रबंधक ने तुरंत वहां पर खड़ी रोडवेज महाप्रबंधक की
बोलेरो के चालक सचिन को आदेश दिए कि वह छात्रा दीपांशी गोयल को बोलेरो में ही उसके
परीक्षा केन्द्र तक पहुंचाएं क्योंकि बड़ा वाहन होने के कारण बस को देरी हो सकती है।
अधिकारी ने चालक को यह भी कहा कि वह छात्रा की परीक्षा केन्द्र में एंट्री करवाकर आए
और यदि कोई दिक्कत आए तो उनकी बात करवाए। रोडवेज अधिकारी द्वारा छात्रा को इस तरह अधिकारी
की गाड़ी में भिजवाने की वहां उपस्थित सभी लोगों ने प्रशंसा की
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

