एचएसएससी जारी करेगा भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर

WhatsApp Channel Join Now

14 हजार पदों पर भर्ती के लिए जल्द होगी सीईटी स्टेज-2 परीक्षा

चंडीगढ़, 09 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य में बहुत जल्द करीब 14 हजार पदों के लिए भर्ती परीक्षाओं का आयोजन शुरू होने जा रहा है। इसके लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया जाएगा। कैलेंडर तैयार करने का कार्य अंतिम चरण में है।

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने यह जानकारी सोशल मीडिया एक्स पर दी। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा आगामी परीक्षाओं का कैलेंडर तैयार करने का कार्य अंतिम चरण में है। जल्द ही आयोग द्वारा परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाएगा, जिसमें सीईटी ग्रुप-डी, सीईटी-स्टेज-टू और आगामी नए पदों के लिए जारी होने वाले विज्ञापनों की जानकारी दी जाएगी।

सभी अभ्यर्थी पूरी मेहनत और लगन के साथ अपनी तैयारी जारी रखें तथा और किसी भी जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट को चेक करते रहें।

हिम्मत सिंह ने बताया कि करीब 14 हजार पदों पर भर्ती के लिए सीईटी स्टेज-2 परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसके साथ ही युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाने के लिए करीब 8,000 पदों पर नई भर्तियों का विज्ञापन भी जल्द जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोग भर्ती एवं परीक्षा प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से आगे बढ़ा रहा है।

हिम्मत सिंह के निर्देश पर सीईटी स्टेज-2 परीक्षा के आयोजन की तैयारियों के तहत परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कार्य पूरा हो चुका है।

आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि निरीक्षण का उद्देश्य परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का आकलन करना और परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा करना है, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया शीघ्र ही पंचकूला जिले के साथ-साथ अन्य जिलों में भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि निरीक्षण के बाद संबंधित कमेटी द्वारा रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कदम उठाते हुए परीक्षा आयोजन की आगामी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि परीक्षा से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।

हिम्मत सिंह ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वह आगामी परीक्षा के लिए पूरी गंभीरता और लगन के साथ तैयारी करें। साथ ही, भर्ती एवं परीक्षा से संबंधित आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें। आयोग की ओर से आगामी प्रक्रिया से संबंधित जानकारी समय-समय पर आधिकारिक माध्यमों से साझा की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774545 Articles

Share this story