एचएसएससी ने जारी की जेल विभाग भर्ती की पीएमटी शॉर्टलिस्ट,25 गुना अभ्यर्थी बुलाए

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 04 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी)ने जेल विभाग के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्ट जारी कर दी है। आयोग ने भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक पद के मुकाबले 25 गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चयनित किया है।

आयोग की ओर से विज्ञापन संख्या 06/2026 के तहत शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों की सूची आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। जिन अभ्यर्थियों ने इस भर्ती के लिए आवेदन किया था, वे आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना नाम और रोल नंबर जांच सकते हैं।

पीएमटी भर्ती प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। इस परीक्षा में अभ्यर्थियों की निर्धारित शारीरिक मापदंडों के अनुसार जांच की जाएगी। केवल वे उम्मीदवार, जो फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट में निर्धारित मानकों पर खरे उतरेंगे, उन्हें भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होने का अवसर मिलेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पीएमटी की तिथि, समय और परीक्षा स्थल की जानकारी अलग से अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।

एचएसएससी ने सभी अभ्यर्थियों से कहा है कि वे नियमित रूप से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें, ताकि भर्ती प्रक्रिया से जुड़े नए नोटिस, कार्यक्रम और अन्य महत्वपूर्ण निर्देशों की जानकारी समय पर प्राप्त हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story