एचएसएससी ग्रुप-सी सीईटी अभ्यार्थियों को देगा बायोमेट्रिक सत्यापन का माैका
-आयाेग ने बायोमेट्रिक सत्यापन का शेड्यूल जारी कर एडमिट कार्ड कराए उपलब्ध चंडीगढ़, 04 जून (हि.स.)। हरियाणा में संयुक्त पात्रता परीक्षा (कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट-सीईटी) ग्रुप-सी भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अभ्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने उन उम्मीदवारों को एक और अवसर देने का फैसला किया है, जिनकी बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया पहले किसी कारणवश पूरी नहीं हो सकी थी और इसी वजह से उनके एडमिट कार्ड भी जारी नहीं हो पाए थे।
आयोग ने ऐसे अभ्यर्थियों के लिए अब अलग से बायोमेट्रिक सत्यापन का शेड्यूल जारी करते हुए एडमिट कार्ड उपलब्ध करा दिए हैं। इससे वे उम्मीदवार, जो अब तक प्रक्रिया से बाहर होने की आशंका में थे, दोबारा भर्ती प्रक्रिया की मुख्यधारा में लौट सकेंगे।आयोग की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार संबंधित अभ्यर्थियों को पोर्टल पर अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन करना होगा। लॉगिन के बाद वे अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे, इसमें बायोमेट्रिक सत्यापन से जुड़ी जानकारी होगी।
आयोग चेयरमैन हिम्मत सिंह ने स्पष्ट किया कि इस बार प्रक्रिया को तय ढांचे के तहत ही पूरा किया जाएगा। उम्मीदवारों को उसी दिन और समय पर उपस्थित होना होगा जो उनके एडमिट कार्ड में दर्ज है। निर्धारित स्लॉट से अलग किसी भी प्रकार की एंट्री या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों को कहा है कि बायोमेट्रिक केंद्र पर जाने से पहले उम्मीदवार पोर्टल से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसका प्रिंट रखें। केंद्र और रिपोर्टिंग समय पहले से जांच लें। वैध फोटो पहचान पत्र साथ लेकर जाएं और अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए तय समय से पहले पहुंचें।
पिछली प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए उम्मीदवारों को मिलेगा मौका
आयोग चेयरमैन हिम्मत सिंह के अनुसार यह कदम उन उम्मीदवारों को अवसर देने के लिए उठाया गया है जो तकनीकी या अन्य कारणों से पिछली प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे। साथ ही उम्मीदवारों से अपील की गई है कि वे केवल अपने निर्धारित स्लॉट के दौरान ही पहुंचें ताकि केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने। इस फैसले के बाद अब उन अभ्यर्थियों की उम्मीदें फिर से जगी हैं, जो लंबे समय से अगली सूचना का इंतजार कर रहे थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

