हरियाणा पुलिस भर्ती: पीएमटी में अनुपस्थित अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 30 मई (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती के शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर देने का फैसला किया है।

आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने शनिवार को जारी बयान में बताया कि पुरुष कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) और पुरुष कांस्टेबल (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) भर्ती के लिए शारीरिक माप परीक्षण में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर दिया जाएगा। आयोग ने इस संबंध में सार्वजनिक सूचना जारी कर 1 जून से 5 जून 2026 तक विशेष पीएमटी कार्यक्रम घोषित किया है।

आयोग के अनुसार, विज्ञापन संख्या 01/2026 की श्रेणी संख्या 01 और 03 के तहत आयोजित पीएमटी के दौरान जो अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो सके थे, उन्हें अब एक अंतिम मौका दिया जा रहा है। यह परीक्षण पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

जारी कार्यक्रम के अनुसार 20 अप्रैल से 1 मई के बीच अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों का पीएमटी 1 जून को, 2 मई से 9 मई के बीच अनुपस्थित अभ्यर्थियों का 2 जून को, 11 मई से 16 मई के बीच अनुपस्थित रहे उम्मीदवारों का 3 जून को, 18 मई से 23 मई के बीच अनुपस्थित उम्मीदवारों का 4 जून को तथा 25 मई से 30 मई के बीच अनुपस्थित अभ्यर्थियों का पीएमी पांच जून को कराया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को सुबह 6:30 बजे रिपोर्ट करना होगा और सुबह 10 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

एचएसएससी ने यह भी साफ किया है कि इस कार्यक्रम के लिए कोई अलग प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा। यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर भी पीएमटी में उपस्थित नहीं होता है, तो उसे आगे कोई अन्य अवसर नहीं दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story