चंडीगढ़ में हरियाणा युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
चंडीगढ़ में हरियाणा युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन


चंडीगढ़, 08 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण प्रकरण और राहुल गांधी पर एफआईआर के विरोध में मंगलवार को चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। रास्ते में चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

प्रदर्शन का नेतृत्व अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने किया। चिब ने कहा कि किसी व्यक्ति के साथ जाति के आधार पर इस प्रकार का व्यवहार करना केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समानता की भावना का अपमान है।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

हरियाणा युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सोमिल संधू ने कहा कि दलितों के खिलाफ भेदभाव और उत्पीड़न की किसी भी घटना को सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कानून सभी के लिए समान है और यदि किसी व्यक्ति के साथ जातिगत आधार पर अपमानजनक व्यवहार हुआ है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

पार्टी नेताओं के संबोधन के बाद विशाल रोष मार्च प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से मुख्यमंत्री आवास की ओर रवाना हुआ। रास्ते में चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते तीखी नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ने पर अडिग रहे, तो पुलिस द्वारा वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। युवा कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता घायल हुए। चंडीगढ़ पुलिस ने अनेक युवा कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर विभिन्न थानों में पहुंचाया। लगभग डेढ़ से दो घंटे बाद हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया गया।

प्रदर्शन में युवा कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, प्रदेश युवा प्रभारी सत्यवान गहलोत, सह प्रभारी मीमांसा आर्य, युवा प्रदेश अध्यक्ष नितिश कटारिया, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष मयंक चौधरी समेत कई नेता शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story