इस्तीफे के बाद हरियाणा महिला आयाेग की अध्यक्ष ने वीडियाे जारी कर मांगी माफी

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 10 जून (हि.स.)। हरियाणा की नर्सिंग ऑफिसर द्वारा प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन किए जाने के बाद मंगलवार देर रात अपने पद से इस्तीफा देने वाली महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने बुधवार को एक वीडियो जारी करके अपने कार्यकाल के दौरान हुई गलतियों पर माफी मांगी है। इस वीडियो में उन्होंने कुरुक्षेत्र विवाद का कोई जिक्र नहीं किया है। आज जारी वीडियो में वह अपने कार्यालय में बैठी हुई दिखाई दे रही हैं।

वीडियो में उन्होंने पहले पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और फिर वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सैनी का आभार जताया। कहा-यदि कुछ गलतियां हो गईं हो तो माफी मांगती हूं। हालांकि उन्होंने नर्सिंग ऑफिसर की बेटी वाले बयान पर एक शब्द नहीं बोला।

बताया जा रहा है कि यह मंगलवार को ही रिकॉर्ड किया गया, लेकिन पोस्ट बुधवार को किया। वीडियो में रेणु भाटिया ने कहा कि मैं आपके बीच आई हूं आपसे विदा लेने। मैं धन्यवाद करती हूं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का, जिन्होंने मुझ पर विश्वास करके मुझे इस पद को दिया। मैं धन्यवाद करती हूं, मुख्यमंत्री नायब सैनी का, जिन्होंने मुझ पर विश्वास करके मुझे दूसरे कार्यकाल के लिए अवसर दिया। मैं अपने इन साढ़े 4 वर्षों में प्रयास करती रही कि बेहतर कार्य करके दिखाऊं।

अगर इस दौरान यदि कभी कहीं कार्य में त्रुटि रही हो तो, यदि कहीं मेरी वजह से किसी को आघात पहुंचा हो तो, यदि मेरी वजह से कोई कार्य डिले हुआ हो तो मैं उसके लिए क्षमायाची हूं, क्योंकि गलतियों से ही इंसान सीखता है।

और वहीं मैंने अपनाया है। मैं सभी बेटियों को दुआ देकर जाती हूं कि जो बेटी इस टेबल तक आए, कमरे तक आए, उसकी हर प्रॉब्लम सॉल्व हो। मेरे बाद जो इस कुर्सी पर बैठे, वो अपनी बेटी की तरह से, सभी बेटियों को देखे। क्योंकि प्रॉब्लम को अपने परिवार की प्रॉब्लम समझकर सॉल्व करे। मैंने अपने साढ़े 4 वर्ष इस गीता के उपदेशों की तरह से जिया है। मैं गीता की कसम खाकर कहती हूं कि मैंने कभी किसी के साथ अन्याय नहीं किया। प्रयास किया कि मैं सबको सुख दे सकूं, सबके लिए मैं वो कार्य कर सकूं, जो वो मेरे पास आस लेकर आए हैं। मैं इन्हीं शब्दों के साथ आज इस कुर्सी से विदा लेती हूं। जय भारत, जय हिंद।

रेणु भाटिया द्वारा दिया गया इस्तीफा मंगलवार देर रात सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बुधवार को इस्तीफे को लेकर चर्चाओं का दौर जारी रहा। इस बीच सरकार की तरफ से इस्तीफा स्वीकार करने को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। जिसके चलते इस्तीफे पर सस्पेंस बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story