विष्णु दत्त को मिलेगा धनपत सिंह सांगी लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 11 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा की समृद्ध लोकनाट्य परंपरा सांग को समर्पित प्रतिष्ठित धनपत सिंह सांगी लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड-2026 के लिए प्रसिद्ध सांगी पंडित लख्मीचंद के पौत्र विष्णु दत्त का चयन किया गया है। उन्हें एक लाख की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने बताया कि हरियाणा की लोक संस्कृति में सांग का विशेष स्थान है। यह केवल मनोरंजन की विधा नहीं, बल्कि लोक जीवन, सामाजिक चेतना, नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम रही है।

सांग की इसी गौरवशाली विरासत के संरक्षण एवं कलाकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभाग द्वारा प्रतिवर्ष राज्य स्तरीय सांग महोत्सव का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 के राज्य स्तरीय सांग महोत्सव का आयोजन 23 से 27 फरवरी, 2026 तक हरियाणा कला परिषद, कुरुक्षेत्र के सभागार में किया गया था। पांच दिवसीय महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न सांग कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से हरियाणा की पारंपरिक लोकनाट्य शैली, लोक संगीत, अभिनय और संवाद अदायगी की समृद्ध झलक प्रस्तुत की।

डॉ.दहिया ने बताया कि पुरस्कार के लिए निर्धारित मूल्यांकन प्रक्रिया अपनाई गई। इसके अंतर्गत समीक्षा समिति द्वारा कलाकारों की मंचीय प्रस्तुतियों का मूल्यांकन 60 अंकों तथा चयन समिति द्वारा उनके दस्तावेजों एवं जीवनवृत्त का मूल्यांकन 40 अंकों के आधार पर किया गया। दोनों समितियों के संयुक्त मूल्यांकन के उपरांत श्री विष्णु दत्त का इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चयन किया गया।

डॉ. आदित्य दहिया ने कहा कि हरियाणा की लोक नाट्य परंपरा में पंडित लख्मीचंद का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने अपनी रचनाओं, लोकगीतों और सांग प्रस्तुतियों के माध्यम से हरियाणवी लोक साहित्य को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं। उनकी रचनाओं में लोकजीवन की संवेदनाएं, सामाजिक सरोकार, नैतिक मूल्य और मानवीय संबंधों की गहरी अभिव्यक्ति मिलती है।

उन्होंने कहा कि पंडित लख्मीचंद के पौत्र विष्णुदत्त का इस सम्मान के लिए चयन होना हरियाणा की उस समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक है, जिसने लोककला और लोकभाषा को प्रदेश की विशिष्ट पहचान प्रदान की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775466 Articles

Share this story