हरियाणा विधानसभा: कांग्रेस विधायक इंदूराज नरवाल को विशेषाधिकार हनन मामले में समय विस्तार
चंडीगढ़, 20 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में विशेषाधिकार हनन समिति की तरफ से कांग्रेस विधायक को जवाब देने के लिए समय बढ़ा दिया गया है। कालका से भाजपा विधायक शक्ति रानी शर्मा ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस विधायक इंदूराज नरवाल ने उनके परिवार के खिलाफ सदन में आपत्तिजनक टिप्पणियां की थी। कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा की ओर से बरोदा से कांग्रेस विधायक इंदूराज नरवाल के खिलाफ लाए गए प्रस्ताव पर शुक्रवार को सदन में चर्चा हुई। जिसके बाद इंदुराज नरवाल को अगले सत्र तक जवाब दाखिल करने का समय बढ़ा दिया गया है। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नरवाल का बचाव करते हुए कहा कि इस मामले में इंदूराज नरवाल मीडिया के सामने खेद व्यक्त कर चुके हैं। स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि मामला प्रीविलेज कमेटी के समक्ष पक्ष रखने का है।
राज्यपाल द्वारा 7 संशोधन विधेयकों को मिली स्वीकृतिहरियाणा विधानसभा में बजट सत्र के पहले दिन शुक्रवार को राज्यपाल द्वारा स्वीकृत किए गए विधेयकों के संशोधन के बारे में सदन में रिपोर्ट पेश की गई। स्पीकर हरविंदर कल्याण ने बताया कि यह विधेयक पिछले सत्र में पारित करके राज्यपाल को स्वीकृति के लिए भेजे गए थे। इनमें हरियाणा माता मनसा देवी संशोधन विधेयक 2025, हरियाणा माता शीतला देवी संशोधन विधायक 2025, हरियाणा श्री माता भीमेश्वरी देवी संशोधन विधेयक 2025, हरियाणा अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती मेला संशोधन विधेयक 2025, हरियाणा नगर निगम संशोधन विधेयक 2025, हरियाणा वित्त पंचायती राज संशोधन विधेयक 2025, हरियाणा आवास बोर्ड संशोधन विधेयक 2025 है। ये विधेयक दिसंबर 2025 में पेश हुए थे, जिन्हें पारित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

